नई दिल्ली: भारत ने जुलाई 2026 में इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) की अब तक की सबसे अधिक मासिक खुदरा बिक्री दर्ज की है। इस दौरान कुल 3,27,901 इलेक्ट्रिक वाहनों का पंजीकरण हुआ, जो पिछले वर्ष की तुलना में 66 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि दर्शाता है। यह जानकारी फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशंस (फाडा) ने जारी की है।
फाडा के अनुसार, जुलाई 2026 में देश में बिकने वाले हर आठ वाहनों में से लगभग एक वाहन इलेक्ट्रिक था। संगठन ने यह भी कहा कि, पश्चिम एशिया संकट के कारण यदि तेल की कीमतों में दोबारा बढ़ोतरी होती है और महंगाई बढ़ती है, तो इससे उपभोक्ताओं का रुझान और अधिक इलेक्ट्रिक वाहनों की ओर बढ़ सकता है। फाडा के उपाध्यक्ष साई गिरिधर ने कहा, “भारत ने जुलाई 2026 में एक महीने के दौरान अब तक के सबसे अधिक इलेक्ट्रिक वाहन खरीदे हैं। कुल 3,27,901 इकाइयों की बिक्री हुई, जो साल-दर-साल 66 प्रतिशत से अधिक वृद्धि है। अब देश में बिकने वाले लगभग हर आठ में से एक वाहन इलेक्ट्रिक है।”
दोपहिया और तिपहिया वाहनों में सबसे तेज बढ़त
जुलाई 2026 में इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों की बिक्री पहली बार 2 लाख इकाइयों के आंकड़े को पार कर गई। इस श्रेणी की बाजार हिस्सेदारी 11.2 प्रतिशत रही, जबकि जून 2026 में यह 10.6 प्रतिशत और जुलाई 2025 में 7.7 प्रतिशत थी।वहीं इलेक्ट्रिक तिपहिया वाहनों की बाजार हिस्सेदारी बढ़कर 65.1 प्रतिशत हो गई, जो जून 2026 में 62.7 प्रतिशत और जुलाई 2025 में 60.3 प्रतिशत थी। गिरिधर ने कहा कि दोपहिया श्रेणी ने पहली बार दो लाख का आंकड़ा पार किया, जबकि तिपहिया श्रेणी में इलेक्ट्रिक वाहन अब विकल्प नहीं, बल्कि मुख्यधारा का माध्यम बन चुके हैं।
वाणिज्यिक वाहनों में भी तेजी
वाणिज्यिक वाहन (कमर्शियल व्हीकल) श्रेणी में भी इलेक्ट्रिक वाहनों की हिस्सेदारी बढ़कर 3.57 प्रतिशत हो गई। यह जून 2026 के 3.54 प्रतिशत और जुलाई 2025 के 1.65 प्रतिशत की तुलना में उल्लेखनीय वृद्धि है। फाडा के अनुसार, वाणिज्यिक क्षेत्र में इलेक्ट्रिक वाहनों को अपनाने की गति तेज हुई है और फ्लीट इलेक्ट्रिफिकेशन अब परीक्षण चरण से आगे बढ़कर वास्तविक खरीद आदेशों तक पहुंच चुका है।
यात्री वाहनों में 83 प्रतिशत वृद्धि
इलेक्ट्रिक यात्री वाहनों (पैसेंजर ईवी) की बिक्री में पिछले वर्ष की तुलना में 83 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। जुलाई 2026 में इनकी बाजार हिस्सेदारी 7.9 प्रतिशत रही, जो जून 2026 के बराबर है, लेकिन जुलाई 2025 के 5.1 प्रतिशत से काफी अधिक है। गिरिधर ने कहा कि यात्री इलेक्ट्रिक वाहनों की मांग मजबूत बनी हुई है, लेकिन लोकप्रिय मॉडलों की आपूर्ति सीमित रहने के कारण बिक्री और अधिक बढ़ सकती थी। उन्होंने वाहन निर्माताओं से त्योहारी सीजन से पहले आपूर्ति संबंधी समस्याओं को दूर करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक वाहनों की ओर बदलाव अब केवल भविष्यवाणी नहीं रह गया है, बल्कि देशभर के शोरूमों में दिखाई देने वाली वास्तविकता बन चुका है, और इस बदलाव को भारत के छोटे और मध्यम शहर भी गति दे रहे हैं।

















