टीवीएस मोटर के वेणु श्रीनिवासन बोले- ईवी और एथेनॉल पर भारत को विकल्प खुले रखने चाहिए

नई दिल्ली: ग्राहकों को अपनी जरूरत के अनुसार वाहन तकनीक चुनने की स्वतंत्रता मिलनी चाहिए और भारत को भी वाहनों की तकनीक को लेकर टेक्नोलॉजी-न्यूट्रल (तकनीक-तटस्थ) दृष्टिकोण अपनाना चाहिए। भारतीय फाउंडेशन फॉर क्वालिटी मैनेजमेंट (IFQM) के चेयरमैन और टीवीएस मोटर कंपनी के चेयरमैन एमेरिटस वेणु श्रीनिवासन ने यह बात कही। IFQM Symposium 2026 में CNBC-TV18 के साथ बातचीत में श्रीनिवासन ने कहा कि, उपभोक्ताओं को इंटरनल कंबशन इंजन (ICE), हाइब्रिड, बैटरी इलेक्ट्रिक वाहन (BEV) और भविष्य में सीएनजी (CNG) तथा एथेनॉल से चलने वाले वाहनों जैसी कई तकनीकों में से अपनी जरूरत के मुताबिक विकल्प चुनने का अवसर मिलना चाहिए।

श्रीनिवासन ने कहा कि, भारत को किसी एक वाहन तकनीक को प्राथमिकता देने के बजाय प्रदूषण, वायु गुणवत्ता और पर्यावरण पर उसके समग्र प्रभाव के आधार पर तकनीकों का मूल्यांकन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि, इलेक्ट्रिक वाहन (EV) को भारत की मोबिलिटी जरूरतों का एकमात्र समाधान नहीं माना जाना चाहिए। उनके अनुसार, ईवी का इस्तेमाल बाजार में स्वाभाविक रूप से बढ़ने दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि, खासकर शहरी क्षेत्रों में इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है और इलेक्ट्रिक स्कूटरों की तकनीक में भी काफी सुधार हुआ है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

श्रीनिवासन ने कहा कि, टीवीएस मोटर ऐसी सरकारी नीतियों का समर्थन नहीं करती, जिनमें किसी विशेष वाहन तकनीक को अनिवार्य या प्रतिबंधित किया जाता है। उनका कहना था कि, आखिरकार बाजार में कौन-सी तकनीक सफल होगी, इसका फैसला उपभोक्ताओं की पसंद से होना चाहिए। एथेनॉल मिश्रण को लेकर सरकार के रोडमैप और E10 से E25 तक के विकल्पों पर श्रीनिवासन ने कहा कि, भारत के लिए एथेनॉल रणनीतिक रूप से फायदेमंद हो सकता है, क्योंकि देश कच्चे तेल के आयात पर काफी निर्भर है।

उन्होंने कहा कि, भारत इलेक्ट्रिक वाहनों में इस्तेमाल होने वाली बैटरियों और इलेक्ट्रिक मोटरों के लिए भी चीन से काफी हद तक आयात पर निर्भर है। ऐसे में घरेलू स्तर पर उत्पादित एथेनॉल पर अधिक निर्भरता भारत की ऊर्जा आत्मनिर्भरता बढ़ाने में मदद कर सकती है। श्रीनिवासन के अनुसार, एथेनॉल मिश्रण से वाहन के प्रदर्शन पर पड़ने वाला असर अपेक्षाकृत कम है और इसे एथेनॉल अपनाने में बड़ी बाधा नहीं बनना चाहिए। उन्होंने एथेनॉल के बड़े पैमाने पर इस्तेमाल के उदाहरण के तौर पर ब्राजील का भी उल्लेख किया और कहा कि इससे इस ईंधन की व्यवहारिकता साबित होती है।

मिश्रण के स्तर को लेकर उन्होंने कहा कि E10 को एक सामान्य विकल्प के रूप में देखा जाना चाहिए। इसके बाद उच्च एथेनॉल मिश्रण में वाहन की सामग्री और इंजन में दहन से जुड़ी अतिरिक्त चुनौतियां हो सकती हैं। इसलिए E10 से अधिक मिश्रण के मामले में वाहन की अनुकूलता के आधार पर उपभोक्ताओं को विकल्प दिया जा सकता है। श्रीनिवासन ने कहा कि, किसी भी वाहन तकनीक की सफलता के लिए उत्पाद की गुणवत्ता और ग्राहक संतुष्टि सबसे महत्वपूर्ण हैं।

151 देशों में पहुंचा भारत का दोपहिया उद्योग

भारत के दोपहिया वाहन उद्योग ने वैश्विक बाजार में भी अपनी मौजूदगी का विस्तार किया है। भारतीय कंपनियां अब अपने उत्पादों का निर्यात 151 देशों में कर रही हैं। श्रीनिवासन ने कहा कि पिछले एक दशक में दोपहिया वाहनों के निर्यात में कई गुना वृद्धि हुई है। अफ्रीका और दक्षिण अमेरिका भारतीय कंपनियों के लिए महत्वपूर्ण विकास के अवसर प्रदान कर सकते हैं। उन्होंने अफ्रीका को तत्काल प्राथमिकता वाला बाजार बताया और कहा कि भारतीय दोपहिया वाहनों को इस क्षेत्र में अच्छी स्वीकार्यता मिली है।

अफ्रीकी बाजार में भारतीय गुणवत्ता बनी ताकत

श्रीनिवासन के अनुसार, एयरटेल और बजाज जैसी कंपनियों ने अफ्रीका में भारत की मौजूदगी मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। अब टीवीएस मोटर भी इस बाजार में अपनी स्थिति को और मजबूत कर रही है। उन्होंने कहा कि, अफ्रीकी बाजारों में भारतीय उत्पादों की गुणवत्ता को लेकर बनी सकारात्मक छवि अब भारत के लिए एक महत्वपूर्ण प्रतिस्पर्धात्मक लाभ बनती जा रही है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here