यमुनानगर: सरस्वती शुगर मिल ने गन्ना पर्ची वितरण प्रणाली में बड़ा बदलाव करने का निर्णय लिया है। आगामी पेराई सत्र से किसानों को अब कागजी इंडेंट (गन्ना पर्ची) जारी नहीं की जाएगी। इसके स्थान पर मोबाइल एसएमएस आधारित डिजिटल सूचना प्रणाली लागू की जाएगी, जिसके माध्यम से किसानों को गन्ना आपूर्ति की सूचना सीधे उनके मोबाइल फोन पर भेजी जाएगी। मिल के नवनियुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) कुलदीप कुमार ने शुक्रवार को पदभार संभालने के बाद पत्रकारों से बातचीत में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि, एस.के. सचदेवा के मुख्यालय स्थानांतरण के बाद उन्होंने कार्यभार ग्रहण किया है और नई व्यवस्था का उद्देश्य गन्ना आपूर्ति प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और तकनीक आधारित बनाना है।
एसएमएस से होगी गन्ना आपूर्ति की पूरी जानकारी
सीईओ कुलदीप कुमार ने बताया कि किसानों को मोबाइल पर प्राप्त संदेश को स्वयं उपयोग करने या किसी अन्य व्यक्ति को अग्रेषित करने की सुविधा होगी, जिसके आधार पर गन्ना मिल में पहुंचाया जा सकेगा। इस प्रणाली के संचालन के लिए एक ऑनलाइन पोर्टल भी विकसित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि डिजिटल व्यवस्था लागू होने के बाद किसानों को गन्ना पर्ची खोने या सुरक्षित रखने की चिंता नहीं रहेगी और पूरी प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित तरीके से संचालित होगी।
गन्ना रकबा बढ़ाने और आधुनिक सुविधाओं पर जोर
मिल प्रशासन के अनुसार, पिछले पेराई सत्र में सरस्वती शुगर मिल क्षेत्र में लगभग 62 हजार एकड़ में गन्ने की खेती हुई थी। आगामी सीजन में गन्ना रकबा बढ़ाने के साथ-साथ किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। किसानों को गन्ने की नई एवं उन्नत किस्मों के बीज, तकनीकी मार्गदर्शन और प्रोत्साहन राशि उपलब्ध कराई जा रही है। इसके अलावा, कृषि मजदूरों की कमी को देखते हुए अगले पेराई सत्र में किसानों को गन्ना कटाई मशीनें (हार्वेस्टर) उपलब्ध कराने की भी योजना है। इस अवसर पर सीनियर वाइस प्रेजिडेंट (एडमिन) डी.पी. सिंह, वाइस प्रेजिडेंट (केन) ललित सैनी और एजीएम अश्वनी कुमार आर्य भी उपस्थित रहे।मिल प्रशासन का कहना है कि नई डिजिटल प्रणाली से किसानों को गन्ना आपूर्ति संबंधी जानकारी समय पर मिलेगी और पूरी व्यवस्था अधिक पारदर्शी, तेज और सुविधाजनक बनेगी।


















