चंडीगढ़ : हरियाणा सरकार ने गन्ना किसानों को दिवाली से पहले बड़ी राहत देते हुए अगले दो वर्षों के लिए गन्ने के दाम बढ़ाने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के अनुसार, वर्ष 2026-27 के पेराई सत्र में गन्ने का भाव 430 रुपये प्रति क्विंटल और वर्ष 2027-28 में बढ़ाकर 450 रुपये प्रति क्विंटल किया जाएगा। सरकार के इस फैसले से किसानों को गन्ने की फसल का बेहतर मूल्य मिलेगा। राज्य में चीनी मिलों का नया पेराई सत्र एक नवंबर से शुरू होने वाला है।
दो साल में 35 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी
मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2025-26 में गन्ने का भाव 415 रुपये प्रति क्विंटल था। इसे 15 रुपये बढ़ाकर वर्ष 2026-27 के लिए 430 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। वहीं, वर्ष 2027-28 में किसानों को गन्ने के लिए 450 रुपये प्रति क्विंटल मिलेंगे। इस तरह वर्ष 2025-26 के मुकाबले दो वर्षों में गन्ने के भाव में कुल 35 रुपये प्रति क्विंटल की वृद्धि होगी।
किसानों की आमदनी बढ़ाने में मिलेगी मदद
मुख्यमंत्री के मुताबिक, गन्ने की औसत पैदावार 700 से 800 क्विंटल प्रति हेक्टेयर के आसपास रहती है। गन्ने के दाम बढ़ने से किसानों की आय में प्रति एकड़, प्रति सीजन लगभग 10 हजार से 11,300 रुपये तक की बढ़ोतरी हो सकती है।उन्होंने कहा कि हाल ही में किसान संगठनों के साथ हुई बैठकों में खेती की बढ़ती लागत का मुद्दा उठाया गया था। किसानों ने डीजल, मजदूरी और खाद की कीमतों में वृद्धि के कारण आर्थिक दबाव बढ़ने की बात कही थी। ऐसे में गन्ने का भाव 450 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंचने से किसानों को राहत मिलने की उम्मीद है।
गन्ने की खेती को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि गन्ने का उचित मूल्य मिलने से किसान इस फसल की खेती के लिए प्रोत्साहित होंगे। इससे गन्ने का उत्पादन बढ़ने और चीनी मिलों को पर्याप्त मात्रा में कच्चा माल मिलने में मदद मिल सकती है। परिणामस्वरूप, चीनी मिलें अपनी उत्पादन क्षमता का बेहतर इस्तेमाल कर सकेंगी। उन्होंने यह भी कहा कि अगले सीजन के गन्ने का भाव पहले से घोषित होने से किसानों को फसल की योजना बनाने और खेती से जुड़े फैसले लेने में आसानी होगी।
दूसरे राज्यों के मुकाबले हरियाणा के गन्ने का भाव अधिक होने का दावा
मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय स्तर पर गन्ने की उपलब्धता में कमी का जिक्र करते हुए कहा कि बेहतर मूल्य मिलने से किसानों को गन्ने की खेती जारी रखने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा। उन्होंने दावा किया कि हरियाणा में गन्ने का भाव अन्य राज्यों की तुलना में अधिक है। सरकार की इस घोषणा से गन्ना उत्पादक किसानों की नजर अब आगामी पेराई सत्र और बढ़ी हुई दरों पर रहेगी।


















