नई दिल्ली: भारत के एथेनॉल मिश्रण कार्यक्रम (ईबीपी) को लेकर बढ़ती बहस के बीच इंडियन फेडरेशन ऑफ ग्रीन एनर्जी (IFGE) ने कहा कि, एथेनॉल और इलेक्ट्रिक मोबिलिटी (ईवी) को प्रतिस्पर्धी नहीं, बल्कि भारत के ऊर्जा परिवर्तन के पूरक स्तंभों के रूप में देखा जाना चाहिए। देश की सड़कों पर लगभग 30 करोड़ आंतरिक दहन इंजन (आईसीई) वाहन चल रहे हैं, ऐसे में कच्चे तेल पर निर्भरता घटाने और स्वच्छ परिवहन को बढ़ावा देने के लिए विविध ऊर्जा रणनीति आवश्यक है।
आईएफजीई-वेस्ट, पुणे के क्षेत्रीय निदेशक दिलीप पाटिल ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा, बहस को एथेनॉल बनाम ईवी के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। भारत को दोनों की आवश्यकता है। E20 कच्चे तेल पर निर्भरता कम करने और ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने का तत्काल मार्ग प्रदान करता है, जबकि ईवी, हाइब्रिड और अन्य प्रौद्योगिकियां भी तेजी से विस्तार कर रही हैं। भारत का ऊर्जा परिवर्तन किसी एक तकनीक पर निर्भर रहने के बजाय कई घरेलू ऊर्जा विकल्पों पर आधारित होना चाहिए।”
भारत ने वर्ष 2003 में E5 से शुरुआत की थी और अप्रैल 2025 तक पूरे देश में E20 मिश्रण लागू कर दिया। अब देश उच्च एथेनॉल मिश्रण, फ्लेक्स-फ्यूल वाहनों और दूसरी पीढ़ी (2जी) के एथेनॉल के विस्तार की दिशा में आगे बढ़ रहा है। फ्लेक्स-फ्यूल वाहनों की शुरुआत और E85 स्टेशनों का विस्तार इस परिवर्तन के अगले चरण का संकेत है, जबकि 2जी एथेनॉल कृषि अवशेषों को ईंधन में बदलने का अवसर प्रदान करता है।
ईंधन दक्षता पर E20 का प्रभाव सीमित रहने की उम्मीद है। एआरएआई, इंडियन ऑयल और सियाम के अध्ययनों के अनुसार E10 की तुलना में E20 के उपयोग से ईंधन दक्षता में केवल 2 से 6 प्रतिशत तक की कमी आ सकती है।परीक्षणों में इंजन को व्यापक स्तर पर नुकसान होने के संकेत नहीं मिले हैं और नए वाहनों में एथेनॉल-अनुकूल सामग्री का उपयोग बढ़ रहा है। चिंताएं मुख्य रूप से पुराने वाहनों के संक्रमण से जुड़ी हैं, न कि स्वयं ईंधन से।
ब्राजील का अनुभव भी यह दर्शाता है कि, एथेनॉल को अपनाने के साथ उपभोक्ता विकल्पों का विस्तार कितना महत्वपूर्ण है। भारत में E85 अवसंरचना और फ्लेक्स-फ्यूल वाहनों का विस्तार उपभोक्ताओं को उपलब्धता, वाहन की अनुकूलता और कीमत के आधार पर उच्च एथेनॉल मिश्रण चुनने की सुविधा देगा।
एथेनॉल आयातित कच्चे तेल पर निर्भरता कम करके भारत की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करता है और घरेलू कृषि संसाधनों की मांग भी बढ़ाता है। मक्का, अधिशेष टूटे हुए चावल और कृषि अवशेष आधारित 2जी एथेनॉल के विस्तार से कच्चे माल के स्रोतों में और विविधता आएगी।
IFGE के अनुसार, E20 कार्यक्रम के माध्यम से भारत ने अब तक लगभग 1.84 लाख करोड़ रुपये की विदेशी मुद्रा की बचत की है और 3.02 करोड़ मीट्रिक टन कच्चे तेल के आयात में कमी लाई है।इस प्रकार भारत का ऊर्जा परिवर्तन ‘या तो ईवी या एथेनॉल’ का विकल्प नहीं है। ईवी, एथेनॉल, हाइब्रिड, सीएनजी और हाइड्रोजन सभी परिवहन तंत्र के अलग-अलग क्षेत्रों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं और मिलकर कम उत्सर्जन तथा अधिक ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में संतुलित और मजबूत मार्ग तैयार कर सकते हैं।


















