सांगली: पहले चीनी की कीमत 50 रुपये प्रति किलो के पार पहुंची और अब गुड़ का भाव 60 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया है। इस वर्ष गुड़ की कीमतों में पिछले पांच वर्षों की सबसे बड़ी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। गुड़ के दाम में 10 रुपये प्रति किलो और 1,000 रुपये प्रति क्विंटल की वृद्धि हुई है। व्यापारियों के अनुसार, श्रावण माह, रक्षाबंधन और गणेशोत्सव जैसे त्योहारों के कारण मांग बढ़ने से यह तेजी बनी हुई है। हर वर्ष नागपंचमी के अवसर पर चिक्की बनाने वाले गुड़ की खरीद अधिक होती है और गुड़ की मांग रथ सप्तमी तक ऊंची बनी रहती है। इस बार चिक्की के लिए इस्तेमाल होने वाले गुड़ की मांग लगभग दोगुनी हो गई है।
रक्षाबंधन और गणेशोत्सव के दौरान गुड़ की खपत विशेष रूप से बढ़ जाती है। इस वर्ष गुड़ पाउडर की मांग में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। व्यापारियों का अनुमान है कि, गणेशोत्सव तक गुड़ के दाम में 5 से 10 रुपये प्रति किलो की और बढ़ोतरी हो सकती है। सांगली चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष अमरसिंह देसाई ने ‘पुढारी’ से बातचीत में बताया कि, वर्तमान में सांगली बाजार में प्रथम श्रेणी का गुड़ उपलब्ध है, जो गुणवत्ता के सभी मानकों पर खरा उतरता है और त्योहारों की मांग को पूरा करने के लिए पर्याप्त मात्रा में बाजार में पहुंच रहा है।
सांगली की गुड़ मंडी में पूरे वर्ष व्यापार होता है। यहां आने वाले कुल गुड़ में लगभग 20 प्रतिशत आपूर्ति कर्नाटक के रायबाग तालुका से होती है। वर्तमान में वहां से प्रतिदिन करीब 100 टन गुड़ सांगली बाजार में आ रहा है।गुड़ व्यापारी आदर्श हुक्केरी ने बताया कि, बाजार में एक किलो, आधा किलो और पाव किलो की ढेपी, 10 किलो की भेली तथा 30 किलो के रवा गुड़ के रूप में गुड़ उपलब्ध है। उपभोक्ता सबसे अधिक पाव किलो, आधा किलो और एक किलो की ढेप खरीद रहे हैं।
इस समय बाजार में रंग और रसायन से मुक्त शुद्ध पीला गुड़ तथा जैविक (ऑर्गेनिक) गुड़ की मांग सबसे अधिक है। स्वास्थ्य के लिए हानिकारक कृत्रिम रंग मिलाया हुआ गुड़ बाजार में लगभग दिखाई नहीं दे रहा है।व्यापारियों के अनुसार, कर्नाटक में लगातार बारिश के कारण परिवहन और भंडारण दोनों प्रभावित हो रहे हैं। हवा में बढ़ी नमी के कारण गुड़ का सुरक्षित भंडारण कठिन हो जाता है। यदि वर्षा का दौर जारी रहा, तो गुड़ उत्पादन और आपूर्ति पर असर पड़ सकता है, जिससे कीमतों में और वृद्धि की संभावना है।लगातार बढ़ती मांग के कारण गुड़ पाउडर के दाम भी तेजी से बढ़े हैं। पिछले वर्ष इसका भाव 38 रुपये प्रति किलो था, जो इस वर्ष बढ़कर 55 से 60 रुपये प्रति किलो हो गया है।


















