तंजानिया का 2030 तक चीनी उत्पादन में आत्मनिर्भरता हासिल करने का लक्ष्य, अतिरिक्त चीनी के निर्यात की भी तैयारी

मोरोगोरो : तंजानिया शुगर बोर्ड (एसबीटी) ने वर्ष 2030 तक देश को चीनी उत्पादन में पूरी तरह आत्मनिर्भर बनाने का लक्ष्य तय किया है। मोरोगोरो स्थित नानेनाने 2026 कृषि प्रदर्शनी में बोर्ड ने आधुनिक तकनीकों और तेजी से विकसित हो रहे चीनी उद्योग का प्रदर्शन करते हुए दशकों पुरानी आयात निर्भरता समाप्त करने की दिशा में अपनी रणनीति प्रस्तुत की।

ड्रोन तकनीक से बढ़ेगा गन्ना उत्पादन

ChiniMandi WhatsApp Channel

प्रदर्शनी के दौरान प्रधानमंत्री डॉ. म्विगुलु नचेम्बा ने एसबीटी मंडप का दौरा किया और डीजेआई एग्रास टी50 ड्रोन जैसी आधुनिक कृषि तकनीकों का निरीक्षण किया, जिनका उपयोग सटीक सिंचाई और उर्वरक छिड़काव के लिए किया जा रहा है। प्रधानमंत्री ने गन्ना उत्पादन की पूरी श्रृंखला, जिसमें आधुनिक बीज विकास, खेत की तैयारी, भंडारण और प्रसंस्करण तकनीक शामिल है, का भी अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि, ड्रोन तकनीक को प्राथमिकता देकर गन्ना उत्पादन बढ़ाया जा सकता है और देश की चीनी सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है। यह तकनीक खेती को आसान बनाने के साथ युवाओं को कृषि क्षेत्र की ओर आकर्षित करने में भी मददगार है।

2026 तक उत्पादन 4.10 लाख टन के पार

तंजानिया शुगर बोर्ड के योजना निदेशक वायलेटा म्वायेला ने बताया कि, बोर्ड देश के चीनी उद्योग के नियमन, विकास और समन्वय की प्रमुख संस्था है। यह गन्ना किसानों और चीनी मिलों के बीच अनुबंध, मूल्य निर्धारण और समन्वय का भी कार्य करता है। उन्होंने बताया कि, अप्रैल 2026 तक तंजानिया का घरेलू चीनी उत्पादन 4,10,979 टन तक पहुंच गया है, जबकि देश की वार्षिक मांग लगभग 5,50,000 टन है। वर्तमान में देश की चीनी मिलों की कुल उत्पादन क्षमता 8,00,000 टन प्रति वर्ष है।

2026-27 से अतिरिक्त चीनी के निर्यात की तैयारी

एसबीटी का लक्ष्य है कि, 2026-27 और 2027-28 सीजन से तंजानिया अतिरिक्त चीनी का निर्यात शुरू कर दे। म्वायेला ने कहा कि, यह प्रगति चीनी मिलों के विस्तार और छोटे गन्ना किसानों के लिए कृषि विस्तार सेवाओं को मजबूत करने का परिणाम है। उन्होंने बताया कि, मकुलाजी होल्डिंग कंपनी ने औद्योगिक उपयोग वाली सफेद चीनी का उत्पादन शुरू कर दिया है, जो तंजानिया में इस विशेष श्रेणी की चीनी बनाने वाली पहली इकाई है। पहले देश को हर वर्ष लगभग 3 लाख टन औद्योगिक चीनी आयात करनी पड़ती थी, जिससे विदेशी मुद्रा पर भारी दबाव पड़ता था।

छोटे किसानों की बढ़ी भागीदारी

किलोम्बेरो शुगर कंपनी की के4 परियोजना के तहत उत्पादन क्षमता को 1.23 लाख टन से बढ़ाकर 2.26 लाख टन प्रति वर्ष करने का लक्ष्य रखा गया है। एसबीटी ने केवल किलोम्बेरो क्षेत्र में 12,000 छोटे गन्ना किसानों को चीनी मूल्य श्रृंखला से जोड़ा है। वर्तमान में आउटग्रोवर किसान देश की कुल गन्ना आपूर्ति का लगभग 40 प्रतिशत योगदान दे रहे हैं।

अफ्रीकी बाजार पर नजर

तंजानिया शुगर बोर्ड ने 2030 तक आत्मनिर्भरता हासिल करने और 12 मिलियन टन वार्षिक मांग वाले अफ्रीकी चीनी बाजार में प्रवेश करने के लिए कई रणनीतियां लागू की हैं। बोर्ड का मानना है कि आने वाले वर्षों में तंजानिया न केवल घरेलू मांग पूरी करेगा, बल्कि अफ्रीकी देशों को अतिरिक्त चीनी निर्यात कर क्षेत्रीय बाजार में भी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराएगा।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here