नई दिल्ली: केंद्र सरकार के खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग ने देश की सभी चीनी मिलों को निर्देश दिया है कि वे वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान थोक उपभोक्ताओं को की गई चीनी आपूर्ति का उपभोक्ता-वार विस्तृत विवरण उपलब्ध कराएं। यह निर्देश 13 अगस्त 2026 को जारी एक आधिकारिक पत्र के माध्यम से दिया गया है।
उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय के अंतर्गत चीनी एवं वनस्पति तेल निदेशालय द्वारा जारी यह पत्र सभी चीनी मिलों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों (CEO) और प्रबंध निदेशकों (MD) को संबोधित किया गया है। विभाग ने बताया कि, विभिन्न राज्यों में चीनी स्टॉक के भौतिक सत्यापन (फिजिकल वेरिफिकेशन) के दौरान कुछ मामलों में यह पाया गया कि थोक उपभोक्ताओं को बेची गई चीनी मिलों के गोदामों में ही रखी हुई थी, जबकि मिलों द्वारा प्रस्तुत P-2 फॉर्म में उसका उल्लेख नहीं था।
थोक उपभोक्ता किसे माना जाएगा?
शुगर (कंट्रोल) ऑर्डर, 2025 के अनुसार, थोक उपभोक्ता में हलवाई, मिठाई विक्रेता, कन्फेक्शनर, सॉफ्ट ड्रिंक निर्माता, खाद्य प्रसंस्करण उद्योग या ऐसा कोई अन्य संस्थागत खरीदार शामिल है, जिसकी पिछले एक वर्ष (वर्तमान माह को छोड़कर) की औसत मासिक चीनी खपत 100 मीट्रिक टन या उससे अधिक हो। विभाग के अनुसार, देश की कुल चीनी खपत का लगभग 65 प्रतिशत हिस्सा थोक उपभोक्ताओं द्वारा उपयोग किया जाता है, इसलिए इस श्रेणी को की जाने वाली चीनी आपूर्ति का सही और पारदर्शी रिकॉर्ड रखना चीनी भंडार, घरेलू उपलब्धता और खपत के रुझानों की निगरानी के लिए अत्यंत आवश्यक है।
चीनी मिलों से क्या जानकारी मांगी गई है?
विभाग ने सभी चीनी मिलों को निर्देश दिया है कि, वे वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान प्रत्यक्ष रूप से या एजेंटों के माध्यम से 500 टन या उससे अधिक चीनी खरीदने वाले प्रत्येक थोक उपभोक्ता का अलग-अलग विवरण उपलब्ध कराएं।
मिलों से निम्नलिखित जानकारी मांगी गई है:
प्रत्येक थोक उपभोक्ता का नाम
वर्ष के दौरान आपूर्ति की गई कुल चीनी (मीट्रिक टन में)
उपभोक्ता और चीनी मिल दोनों का जीएसटी पहचान संख्या (GSTIN)
बिक्री की रिपोर्टिंग के लिए प्रयुक्त एचएसएन (HSN) कोड
चीनी मिलों को यह जानकारी निर्धारित ऑनलाइन फॉर्म के माध्यम से प्रमाणित ईमेल आईडी का उपयोग करते हुए जमा करनी होगी।
20 अगस्त तक देना होगा विवरण
यह पत्र उप निदेशक अनिल कुमार द्वारा हस्ताक्षरित है। इसमें स्पष्ट किया गया है कि प्रस्तुत की जाने वाली जानकारी पूर्ण, सही और मिलों के आंतरिक रिकॉर्ड, जीएसटी रिटर्न तथा संबंधित चालानों (Invoices) से पूरी तरह मेल खाने वाली होनी चाहिए।
विभाग ने सभी चीनी मिलों को 20 अगस्त 2026 तक यह विवरण जमा करने का निर्देश दिया है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि बाद में यदि प्रस्तुत जानकारी और जीएसटी रिकॉर्ड के बीच कोई विसंगति पाई गई, तो उसे गंभीरता से लिया जाएगा और लागू कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी। इस पत्र की प्रतिलिपि इंडियन शुगर एंड बायो-एनर्जी मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (ISMA) तथा नेशनल फेडरेशन ऑफ कोऑपरेटिव शुगर फैक्ट्रीज (NFCSF) को भी भेजी गई है।


















