दक्षिण अफ्रीका में लंबे सूखे के बाद बारिश से गन्ना किसानों को राहत

जोहान्सबर्ग: दक्षिण अफ्रीका के क्वाज़ुलु-नटाल प्रांत में लंबे समय तक चले सूखे के बाद हाल ही में हुई बारिश का गन्ना किसानों ने स्वागत किया है। हालांकि, किसानों के अनुसार अत्यधिक और अस्थिर मौसम की स्थिति भविष्य में भी कृषि और पशुपालन गतिविधियों के लिए जोखिम पैदा कर सकती है। दक्षिण अफ्रीकी किसान विकास संघ (SAFDA) के कार्यकारी अध्यक्ष सियाबोंगा मडलाला ने कहा कि, देश के कई हिस्सों में और अधिक बारिश तथा तापमान में गिरावट का पूर्वानुमान होने के कारण किसान मौसम की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

मडलाला ने कहा कि, हाल की बारिश गन्ना किसानों के लिए बड़ी राहत लेकर आई है, क्योंकि वे लंबे समय से सूखे की मार झेल रहे थे। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि हुई वर्षा अभी भी अपेक्षित स्तर से कम है। उन्होंने इस कम वर्षा के लिए एल नीनो मौसम प्रणाली को जिम्मेदार ठहराया और कहा कि मौसम विशेषज्ञों ने पहले ही इस क्षेत्र में सामान्य से कम बारिश होने की संभावना जताई थी। मडलाला के अनुसार, क्वाज़ुलु-नटाल के तटीय क्षेत्रों में लंबे समय से गंभीर सूखे जैसी स्थिति बनी हुई है और किसान अब भी पर्याप्त बारिश का इंतजार कर रहे हैं।

ChiniMandi WhatsApp Channel

उन्होंने बताया कि, हाल ही में आए एक शीत लहर के कारण प्रांत में कुछ वर्षा हुई, लेकिन यह मात्रा सूखे की चिंता दूर करने के लिए पर्याप्त नहीं है। उन्होंने कहा कि, मौसम की अनिश्चितता को देखते हुए किसान आने वाले दिनों में वर्षा और तापमान के रुझानों पर लगातार निगरानी रखेंगे, क्योंकि इसका सीधा प्रभाव गन्ना उत्पादन के साथ-साथ अन्य कृषि और पशुपालन गतिविधियों पर भी पड़ सकता है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here