सरकार का चीनी मिलों को निर्देश: बिक्री के सात दिनों के भीतर चीनी स्टॉक उठाना अनिवार्य, उल्लंघन पर होगी कानूनी कार्रवाई

नई दिल्ली: खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग के अंतर्गत चीनी एवं वनस्पति तेल निदेशालय (DSVO) ने देश की सभी चीनी मिलों को निर्देश दिया है कि, चीनी की बिक्री के बाद खरीदार सात दिनों के भीतर स्टॉक उठा लें। यदि कोई चीनी मिल सट्टेबाजी या कृत्रिम कमी पैदा करने जैसी गतिविधियों में लिप्त पाई गई, तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।यह निर्देश 14 अगस्त 2026 को जारी एक पत्र के माध्यम से सभी चीनी मिलों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों (CEO) और प्रबंध निदेशकों (MD) को भेजा गया है।

पी-2 फॉर्म और वास्तविक स्टॉक में मिली विसंगति

ChiniMandi WhatsApp Channel

पत्र में कहा गया है कि, विभाग ने पाया है कि कुछ चीनी मिलें पी-2 फॉर्म में घोषित मात्रा से अधिक चीनी स्टॉक रख रही हैं या फिर उन्हें आवंटित मासिक बिक्री कोटे से कम चीनी बेच रही हैं। हाल ही में विभाग द्वारा चलाए गए भौतिक सत्यापन (फिजिकल वेरिफिकेशन) अभियान के दौरान भी इन विसंगतियों की पुष्टि हुई है। विभाग ने स्पष्ट किया कि, आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा 3 और धारा 7, तथा चीनी (नियंत्रण) आदेश, 2025 के प्रावधानों के तहत केंद्र सरकार को गलत या भ्रामक स्टॉक जानकारी देने वाली चीनी मिलों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने का अधिकार प्राप्त है।

कृत्रिम कमी रोकने के लिए सख्ती

विभाग ने यह भी देखा कि, कुछ चीनी मिलें महीने की शुरुआत में चीनी बेच देती हैं, लेकिन खरीदारों द्वारा उसका उठान (डिस्पैच) पूरे महीने के अंत तक जारी रहता है। सरकार का मानना है कि इस प्रकार की व्यवस्था बाजार में कृत्रिम कमी (Artificial Scarcity) पैदा करती है और सट्टेबाजी को बढ़ावा देती है। इसी को ध्यान में रखते हुए विभाग ने निर्णय लिया है कि किसी भी डीलर, एजेंट या थोक उपभोक्ता को चीनी बेचने के बाद कोई भी चीनी मिल सात दिनों से अधिक समय तक उस स्टॉक को अपने परिसर में नहीं रख सकेगी, जब तक कि कोई ऐसी परिस्थिति न हो जो मिल के नियंत्रण से बाहर हो।यह आदेश 30 नवंबर 2026 तक प्रभावी रहेगा और किसी भी उल्लंघन की स्थिति में संबंधित चीनी मिल के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

स्टॉक सत्यापन अभियान रहेगा जारी

विभाग ने कहा है कि, केंद्र और राज्य सरकार की संयुक्त टीमें चीनी स्टॉक की गहन जांच और भौतिक सत्यापन अभियान जारी रखेंगी, ताकि आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जा सके।विभाग ने एक अलग प्रावधान में यह भी कहा है कि जो चीनी मिलें अक्टूबर 2026 में उत्पादन शुरू करेंगी, उन्हें अक्टूबर में उत्पादित चीनी को अक्टूबर-नवंबर 2026 की अवधि में बेचने की अनुमति होगी।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here