महाराष्ट्र : चीनी सीजन खत्म हुए 5 महीने बीत गये, लेकिन अब भी 39 चीनी मिलों पर किसानों का गन्ना मूल्य बकाया

सोलापुर: महाराष्ट्र में साखर सीजन यानी चीनी मिलों का गन्ना पेराई सीजन खत्म हुए पांच महीने बीत चुके हैं, लेकिन राज्य की 39 चीनी मिलों पर गन्ना किसानों की एफआरपी के 256 करोड़ रुपये अब भी बकाया हैं। ऐसे में किसानों के बीच नाराजगी बढ़ रही है और सवाल उठ रहा है कि आखिर चीनी मिलर्स को किसानों की परेशानी कब दिखाई देगी। पिछले पेराई सीजन में राज्य की 210 चीनी मिलों ने गन्ने की पेराई की थी। इनमें से 171 चीनी मिलों ने किसानों को एफआरपी की पूरी राशि के साथ-साथ उससे अधिक भुगतान भी किया है। वहीं, 39 मिलें अब तक गन्ना उत्पादकों का पूरा भुगतान नहीं कर पाई हैं।

एप्रिल तक होना था पूरा गन्ना भुगतान

ChiniMandi WhatsApp Channel

गन्ने की उपलब्धता कम होने के कारण राज्य की चीनी मिलें जनवरी से बंद होने लगी थीं। मार्च तक लगभग सभी चीनी मिलों का पेराई सीजन समाप्त हो गया था। सीजन खत्म होने के बाद अप्रैल तक किसानों को गन्ने की पूरी कीमत का भुगतान किया जाना अपेक्षित था। हालांकि, जुलाई तक 171 चीनी मिलों ने किसानों के खातों में एफआरपी की पूरी राशि और उससे अधिक भुगतान कर दिया। इसके बावजूद 39 चीनी मिलों ने एफआरपी के अनुसार 256 करोड़ रुपये का भुगतान अब तक नहीं किया है।

कुछ मिलों ने समय पर किया शत प्रतिशत भुगतान

राज्य की कई चीनी मिलों ने किसानों के खातों में समय पर गन्ना भुगतान जमा किया है, लेकिन समय पर भुगतान करने वाली मिलों की संख्या अपेक्षाकृत कम बताई जा रही है। पिछले पेराई सीजन में 210 चीनी मिलों ने गन्ने की पेराई की थी। पांच महीने बीतने के बावजूद 39 मिलों पर भुगतान बकाया रहना किसानों के लिए चिंता का विषय बना हुआ है।

10 चीनी मिलों पर आरआरसी की कार्रवाई

एफआरपी का भुगतान नहीं करने वाली चीनी मिलों के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई शुरू की है। राज्य की 10 चीनी मिलों के खिलाफ एफआरपी बकाया रहने पर आरआरसी की कार्रवाई की गई है। इनमें सबसे अधिक मिलें सोलापुर जिले की बताई जा रही हैं। राज्य की तीन चीनी मिलों ने किसानों को 60% तक भुगतान किया है, जबकि दो मिलों ने 60 से 80% तक राशि का भुगतान किया है। वहीं, 34 चीनी मिलों ने 80 से 99% तक भुगतान किया है। इसके बावजूद किसानों को उनकी पूरी एफआरपी राशि नहीं मिल पाई है। गन्ना उत्पादक किसानों की मांग है कि चीनी मिलों से बकाया राशि जल्द से जल्द वसूल कर उन्हें उनका पूरा भुगतान कराया जाए।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here