रिकॉर्ड ऊंची चीनी कीमतों पर लगाम के लिए भारत सीमित शुल्क-मुक्त आयात पर कर रहा विचार : रिपोर्ट

मुंबई/नई दिल्ली : रॉयटर्स में प्रकाशित खबर के अनुसार, भारत में रिकॉर्ड स्तर पर पहुंची चीनी की कीमतों को नियंत्रित करने और घरेलू बाजार में आपूर्ति बढ़ाने के लिए सरकार सीमित मात्रा में शुल्क-मुक्त चीनी आयात सहित कई विकल्पों पर विचार कर रही है। सरकारी और उद्योग जगत के सूत्रों ने मंगलवार को रॉयटर्स को यह जानकारी दी। प्रस्तावित उपायों में थोक व्यापारियों के लिए स्टॉक रखने की सीमा कम करना, सीमित मात्रा में चीनी आयात की अनुमति देना, आयात शुल्क में कटौती और घरेलू बिक्री के लिए चीनी मिलों के मासिक आवंटन में बदलाव करना शामिल है।

अगर भारत करीब एक दशक में पहली बार चीनी का आयात करता है, तो इससे वैश्विक चीनी कीमतों को भी समर्थन मिल सकता है, जबकि घरेलू बाजार में त्योहारी सीजन के दौरान कीमतों पर दबाव कम करने में मदद मिलेगी। एक सरकारी अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर कहा कि, चीनी की कीमतों में बेहद ज्यादा और अनुचित बढ़ोतरी हुई है। ऐसे में कीमतों को नियंत्रित करने के लिए सरकार कई उपायों और विकल्पों पर विचार कर रही है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

महाराष्ट्र के प्रमुख चीनी व्यापार केंद्र कोल्हापुर में थोक चीनी कीमतें अगस्त की शुरुआत से करीब 20 प्रतिशत बढ़कर रिकॉर्ड 5,350 रुपये प्रति 100 किलो पहुंच गई हैं। इस तरह कोल्हापुर में चीनी का थोक भाव करीब 53.50 रुपये प्रति किलो हो गया है। एक अन्य सरकारी सूत्र के अनुसार, मौजूदा घरेलू मांग को अगले चीनी सीजन की नई फसल बाजार में आने तक पूरा करने के लिए पर्याप्त चीनी उपलब्ध है। इसके बावजूद स्थानीय बाजार में आपूर्ति तंग बनी हुई है।

बॉम्बे शुगर मर्चेंट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक जैन ने कहा कि स्थानीय आपूर्ति सीमित है। उनके अनुसार, त्योहारी सीजन के दौरान आपूर्ति बढ़ाने और कीमतें कम करने में चीनी आयात ही मददगार साबित हो सकता है। भारत में आमतौर पर अगस्त से नवंबर के बीच चीनी की मांग बढ़ जाती है। इस अवधि में गणेश चतुर्थी, दशहरा और दिवाली जैसे प्रमुख त्योहार आते हैं। त्योहारों के दौरान मिठाइयों और कन्फेक्शनरी की खपत बढ़ने के कारण चीनी की मांग में भी तेजी आती है। इस वर्ष पहले से ही ऊंची कीमतों के बीच त्योहारों की अतिरिक्त मांग से बाजार पर और दबाव पड़ने की आशंका है।

पिछले सप्ताह रॉयटर्स ने रिपोर्ट किया था कि भारत अक्टूबर से शुरू होने वाले नए सीजन में एथेनॉल उत्पादन के लिए गन्ने के इस्तेमाल को सीमित करने पर विचार कर रहा है। इसका उद्देश्य अधिक गन्ने को चीनी उत्पादन के लिए उपलब्ध कराना और रिकॉर्ड ऊंची चीनी कीमतों को नियंत्रित करना है।सरकार के सामने फिलहाल दोहरी चुनौती है—चीनी की घरेलू कीमतों को नियंत्रित रखना और पर्याप्त एथेनॉल उत्पादन सुनिश्चित करना।

Bioenergy Times

1 COMMENT

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here