कैनबेरा : MAIRE की कंपनी नेक्स्टकेम को ऑस्ट्रेलिया में गन्ने के अवशेषों से सस्टेनेबल एविएशन फ्यूल (SAF) बनाने वाली एक महत्वपूर्ण परियोजना के लिए तकनीक और इंजीनियरिंग का ठेका मिला है। इस परियोजना के पूरी क्षमता पर पहुंचने के बाद हर साल 1.25 लाख टन तक SAF का उत्पादन किया जा सकेगा। नेक्स्टकेम की सहायक कंपनी मायरेकेमिकल को क्वींसलैंड के बर्डेकिन क्षेत्र में प्रस्तावित प्रोजेक्ट लायन के लिए लाइसेंस, प्रोसेस डिजाइन पैकेज (PDP) और इंजीनियरिंग सेवाओं का ठेका दिया गया है। यह ठेका स्काई रिन्यूएबल्स बर्देकिन पीटीवाई लिमिटेड ने दिया है।
गन्ने के अवशेष बनेंगे ईंधन का कच्चा माल
प्रोजेक्ट लायन में स्थानीय स्तर पर उपलब्ध गन्ने की पत्तियों, ऊपरी हिस्से और अन्य कृषि अवशेषों का इस्तेमाल मुख्य कच्चे माल के रूप में किया जाएगा। गन्ने की कटाई के बाद बचने वाले इन अवशेषों को कई जगह खेतों में जला दिया जाता है। परियोजना के तहत इन्हीं कृषि अवशेषों को उपयोगी कच्चे माल में बदलकर कम-कार्बन ईंधन तैयार किया जाएगा।
गैसीफिकेशन तकनीक से बनेगा सिंथेसिस गैस
नेक्स्टकेम अपनी NX Circular Gasification तकनीक का इस्तेमाल करके गन्ने के अवशेषों को प्रोसेस करेगी। इस प्रक्रिया से शुद्ध सिंथेसिस गैस (Syngas) तैयार की जाएगी। इसके बाद अन्य कंपनियों की तकनीकों की मदद से इस सिंथेसिस गैस को सस्टेनेबल एविएशन फ्यूल (SAF) और नवीकरणीय डीजल में बदला जाएगा।परियोजना पूरी क्षमता से संचालित होने पर हर साल 1.25 लाख टन तक SAF उत्पादन करने में सक्षम होगी।
कृषि अवशेषों का बेहतर उपयोग
इस परियोजना का उद्देश्य केवल वैकल्पिक ईंधन तैयार करना ही नहीं, बल्कि कृषि क्षेत्र से निकलने वाले कचरे का बेहतर इस्तेमाल करना भी है। गन्ने के अवशेषों को जलाने के बजाय उन्हें ईंधन उत्पादन में इस्तेमाल करने से बायोमास संसाधनों का अधिक टिकाऊ उपयोग हो सकेगा। साथ ही बर्डेकिन क्षेत्र में स्वच्छ ईंधन के लिए स्थानीय स्तर पर कच्चे माल की उपलब्धता भी बढ़ेगी।
विमानन क्षेत्र के कार्बन उत्सर्जन को कम करने में मदद
नेक्सकेम के मैनेजिंग डायरेक्टर फैबियो फ्रितेली ने कहा कि यह परियोजना नवीकरणीय और अपशिष्ट सामग्री से सस्टेनेबल फ्यूल तैयार करने में कंपनी की तकनीक के महत्व को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि ऑस्ट्रेलिया सस्टेनेबल फ्यूल उद्योग के विकास के लिए तेजी से महत्वपूर्ण बाजार बन रहा है। कंपनी ऑस्ट्रेलिया में अपने पोर्टफोलियो का विस्तार करने की दिशा में काम कर रही है। फ्रितेली के अनुसार, नेक्सकेम की गैसीफिकेशन तकनीक स्थानीय स्तर पर उपलब्ध गन्ने के अवशेषों को कम-कार्बन ईंधन में बदलने में मदद करेगी। इससे विमानन क्षेत्र के उत्सर्जन को कम करने की जरूरत को पूरा करने में भी योगदान मिलेगा।
SAF उद्योग के लिए कृषि अवशेषों की बढ़ती अहमियत
प्रोजेक्ट लायन से नेक्सकेम की नवीकरणीय और अपशिष्ट आधारित ईंधन बाजार में मौजूदगी और मजबूत होगी। साथ ही यह परियोजना यह भी दिखाती है कि गन्ने जैसे कृषि अवशेषों का इस्तेमाल विमानन क्षेत्र के डीकार्बोनाइजेशन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।गन्ने के कचरे से SAF का उत्पादन कृषि अपशिष्ट को मूल्यवान संसाधन में बदलने और पारंपरिक जीवाश्म ईंधन पर निर्भरता कम करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

















