EID पैरी के शुगर कारोबार का राजस्व पहली तिमाही में 18% बढ़ा, अधिक बिक्री से मिला फायदा; CPG कारोबार में रणनीतिक बदलाव के चलते गिरावट

चेन्नई: ई.आई.डी.-पैरी (इंडिया) लिमिटेड के शुगर कारोबार का राजस्व वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में बढ़कर 410 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले साल की समान तिमाही में 347 करोड़ रुपये था। कंपनी के अनुसार, यह वृद्धि मुख्य रूप से बिक्री मात्रा बढ़ने के कारण हुई। वहीं, कंपनी के कंज्यूमर प्रोडक्ट्स ग्रुप (CPG) के कारोबार में तेज गिरावट दर्ज की गई, लेकिन प्रबंधन के मुताबिक यह मांग में कमी का परिणाम नहीं है। कंपनी जानबूझकर अधिक मार्जिन वाले उत्पादों पर ध्यान केंद्रित कर रही है।कंपनी की 13 अगस्त 2026 को हुई पोस्ट-अर्निंग कॉन्फ्रेंस कॉल के ट्रांसक्रिप्ट के अनुसार, यह जानकारी स्टॉक एक्सचेंजों के पास दाखिल की गई है।

कंपनी के पूर्णकालिक निदेशक और CEO मुथैया मुरुगप्पन ने बताया कि, भारत में चीनी सीजन 2025-26 के दौरान सकल चीनी उत्पादन करीब 31 मिलियन टन रहने का अनुमान है। इसमें से लगभग 2.9 मिलियन टन चीनी को एथेनॉल उत्पादन की ओर डायवर्ट किया गया।देश में चीनी की घरेलू खपत करीब 28 मिलियन टन और सीजन के अंत में क्लोजिंग स्टॉक करीब 4.2 मिलियन टन रहने का अनुमान है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

कंपनी के CFO वेंकटेश्वरलु वाई. ने बताया कि, तमिलनाडु की कंपनी इकाइयों ने तिमाही के दौरान 54 दिन काम किया, जबकि पिछले साल इसी अवधि में 37 दिन पेराई हुई थी।इस दौरान मिलों ने 1.47 लाख टन गन्ने की पेराई की, जबकि पिछले साल यह मात्रा 2.12 लाख टन थी।सकल रिकवरी दर 7.95% रही, जो पिछले साल 8.02% थी। वहीं, गन्ने की लैंडेड लागत बढ़कर 4,031 रुपये प्रति टन हो गई, जो पिछले साल 3,844 रुपये थी। लागत बढ़ने की वजह गन्ने का बढ़ा हुआ उचित एवं लाभकारी मूल्य (FRP) 3,550 रुपये बताया गया।

कंपनी की चीनी बिक्री मात्रा बढ़कर 0.89 लाख टन हो गई, जो पिछले साल 0.56 लाख टन थी।हालांकि, औसत बिक्री कीमत घटकर 40.02 रुपये प्रति किलो रह गई, जबकि पिछले साल यह 40.97 रुपये प्रति किलो थी।30 जून 2026 को कंपनी के पास करीब 1.16 लाख टन चीनी का स्टॉक था, जिसकी वैल्यू करीब 41.50 रुपये प्रति किलो आंकी गई।

कंपनी का को-जनरेशन बिजली उत्पादन घटकर 180 लाख यूनिट रह गया, जबकि पिछले साल यह 221 लाख यूनिट था।हालांकि, बिजली की औसत प्राप्ति कीमत बढ़कर 4.89 रुपये प्रति यूनिट हो गई, जो पिछले साल 3.67 रुपये प्रति यूनिट थी।डिस्टिलरी कारोबार में एथेनॉल और एक्स्ट्रा न्यूट्रल अल्कोहल (ENA) की संयुक्त बिक्री 380 लाख लीटर रही, जबकि पिछले साल 413 लाख लीटर थी। औसत बिक्री कीमत 63.49 रुपये प्रति लीटर रही, जो पिछले साल 67.59 रुपये थी।

CPG कारोबार में गिरावट रणनीतिक बदलाव का हिस्सा

कंपनी के कंज्यूमर प्रोडक्ट्स ग्रुप (CPG) का तिमाही कारोबार घटकर 94 करोड़ रुपये रह गया, जबकि पिछले साल यह 188 करोड़ रुपये था।हालांकि, मुरुगप्पन ने कहा कि यह गिरावट मांग कमजोर होने के कारण नहीं है। कंपनी कम मार्जिन वाले उत्पादों के बजाय अधिक मार्जिन देने वाले उत्पादों पर ध्यान केंद्रित कर रही है।प्रबंधन के अनुसार, CPG कारोबार का कुल योगदान मार्जिन पूल बढ़ा है। कंपनी को उम्मीद है कि अगले चार से पांच तिमाहियों में CPG कारोबार तिमाही आधार पर ब्रेक-ईवन तक पहुंच जाएगा।

कर्नाटक में नया गुड़ प्लांट

कंपनी कर्नाटक में एक नया गुड़ (जैगरी) प्लांट स्थापित कर रही है। इसके करीब छह महीने में शुरू होने की उम्मीद है।नया प्लांट शुरू होने के बाद कंपनी की मौजूदा गुड़ उत्पादन क्षमता दोगुने से अधिक हो जाएगी। दोनों प्लांटों से संयुक्त कारोबार करीब 100 करोड़ रुपये तक पहुंचने की उम्मीद है।

 

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here