भारत में बायोसॉल्यूशंस के लिए बड़ा अवसर, लेकिन अपनाने की गति सबसे बड़ी चुनौती

मुंबई: भारत में विभिन्न उद्योगों में जैविक समाधानों को अपनाने की बड़ी संभावनाएं हैं, लेकिन इनका इस्तेमाल अभी असमान है। इसकी मुख्य वजह यह है कि बायोसॉल्यूशंस उद्योग अभी शुरुआती दौर में है और इसके बारे में व्यापक स्तर पर पर्याप्त जानकारी और समझ विकसित नहीं हुई है। यह बात नोवोनेसिस के मिडिल ईस्ट, इंडिया एंड अफ्रीका क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष कृष्ण मोहन पुव्वाडा ने कही।

मुंबई में मीडिया से बातचीत के दौरान पुव्वाडा ने बताया कि, बायोसॉल्यूशंस का इस्तेमाल पहले से ही 30 से अधिक उद्योगों में हो रहा है। इनमें कपड़ा, कृषि, खाद्य, पशु पोषण, जैव ईंधन और घरेलू देखभाल जैसे क्षेत्र शामिल हैं। उनके अनुसार, बायोसॉल्यूशंस के पीछे मूल विचार है “कम संसाधनों में अधिक उत्पादन हासिल करना”। इसका उद्देश्य उत्पादन और दक्षता बढ़ाने के साथ-साथ ऊर्जा की खपत तथा रसायनों के इस्तेमाल को कम करना है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

कृषि को पुव्वाडा ने बायोसॉल्यूशंस के लिए एक महत्वपूर्ण संभावनाशील क्षेत्र बताया। उनके अनुसार, हरित क्रांति के दौरान उर्वरकों और रसायनों के बढ़ते इस्तेमाल से कृषि उत्पादकता में काफी सुधार हुआ, लेकिन इसके साथ मिट्टी की उर्वरता से जुड़ी समस्याएं भी सामने आईं। भारत में एक ही कृषि भूमि पर साल में दो और कई जगहों पर तीन फसलें उगाई जाती हैं। ऐसे में मिट्टी की गुणवत्ता और उर्वरता बनाए रखने में जैविक समाधान महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि लक्ष्य रासायनिक उर्वरकों को पूरी तरह खत्म करना नहीं है, बल्कि रासायनिक और जैविक समाधानों के बीच सही संतुलन स्थापित करना है।

एथेनॉल और जैव ऊर्जा के क्षेत्र में भी बायोसॉल्यूशंस के लिए बड़ी संभावनाएं हैं। पुव्वाडा ने भारत के 20 प्रतिशत एथेनॉल मिश्रण कार्यक्रम (E20) का उल्लेख करते हुए कहा कि इथेनॉल उत्पादन में एंजाइम महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। एंजाइम चावल और मक्का जैसे कच्चे माल में मौजूद कार्बोहाइड्रेट को ग्लूकोज में बदलने में मदद करते हैं। इसके बाद ग्लूकोज का किण्वन कर इथेनॉल तैयार किया जाता है। घरेलू देखभाल के क्षेत्र में एंजाइमों के इस्तेमाल से सर्फेक्टेंट की मात्रा कम की जा सकती है, जबकि सफाई और दाग हटाने की क्षमता बेहतर बनी रहती है।

पुव्वाडा के अनुसार, बायोसॉल्यूशंस के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह है कि यह उद्योग अभी भी कम समझा गया क्षेत्र है और विकास के शुरुआती चरण में है। इसलिए भारत में बायोसॉल्यूशंस का बड़ा अवसर इन्हें अधिक से अधिक उद्योगों और अनुप्रयोगों तक पहुंचाने में है।इस पूरे अवसर का मूल आधार एक सरल विचार है—“कम संसाधनों में अधिक हासिल करना”। जैविक समाधानों के जरिए उत्पादन और दक्षता बढ़ाने के साथ-साथ रसायनों, पानी, ऊर्जा और अन्य संसाधनों के इस्तेमाल को कम किया जा सकता है।

 

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here