नई दिल्ली: घरेलू बाजार में कम स्टॉक, उत्पादन के कमजोर रहने का अनुमान और त्योहारी मांग बढ़ने के कारण आने वाले दिनों में चीनी की कीमतें मजबूत बनी रहने की संभावना हैं। CNBC-TV18 ने EICPL के प्रमोटर और प्रबंध निदेशक अभिनाश वर्मा के हवाले से यह जानकारी दी है।वर्मा के अनुसार, आगामी चीनी सीजन में चीनी की उपलब्धता एक प्रमुख चिंता बनी रह सकती है। इसका असर इस बात पर भी पड़ सकता है कि, चीनी मिलें कितनी मात्रा में गन्ने को चीनी उत्पादन से हटाकर एथेनॉल उत्पादन की ओर मोड़ती हैं। उन्होंने कहा कि, चीनी का स्टॉक पहले ही कम हो चुका है और उत्पादन भी पहले लगाए गए अनुमानों से कम रहने की संभावना है।उनके अनुमान के अनुसार, सीजन के अंत में चीनी का क्लोजिंग स्टॉक करीब 35 से 40 लाख टन रह सकता है।
त्योहारी मांग से आपूर्ति पर दबाव…
वर्मा के मुताबिक, त्योहारी सीजन की मांग बढ़ने वाली है। साथ ही, अगले साल चीनी उत्पादन मौजूदा सीजन के बराबर या इससे भी कम रहने की संभावना है। ऐसे में घरेलू बाजार में चीनी की आपूर्ति पर दबाव बना रह सकता है और कीमतों को मजबूती मिल सकती है। कम आपूर्ति का असर एथेनॉल उत्पादन की अर्थव्यवस्था पर भी पड़ सकता है। वर्मा ने बताया कि, एथेनॉल कार्यक्रम की शुरुआत इस उद्देश्य से की गई थी कि चीनी मिलें अतिरिक्त गन्ने को चीनी बनाने के बजाय एथेनॉल उत्पादन में इस्तेमाल कर सकें। हालांकि, यदि चीनी से मिलने वाला रिटर्न एथेनॉल की तुलना में अधिक रहता है, तो मिलों के पास अधिक से अधिक चीनी उत्पादन करने का आर्थिक प्रोत्साहन रहेगा।वर्मा ने कहा कि, यदि चीनी से मिलने वाला लाभ एथेनॉल की तुलना में काफी अधिक बना रहता है, तो उद्योग अधिक चीनी उत्पादन को प्राथमिकता दे सकता है।
जल्द शुरू हुई गन्ना पेराई से टल सकता है आयात…
वर्मा के अनुसार, यदि इस साल गन्ने की पेराई पहले शुरू होती है तो सरकार चीनी आयात से बच सकती है। इससे नवंबर में चीनी की उपलब्धता को लेकर बनी चिंता भी कुछ हद तक कम हो सकती है।उन्होंने एक पुराने उदाहरण का उल्लेख करते हुए बताया कि, इससे पहले भारत ने क्षेत्रीय आपूर्ति की कमी को दूर करने के लिए करीब 3.5 लाख टन चीनी का आयात किया था। इसमें बड़ी मात्रा में चीनी दक्षिणी बंदरगाहों के जरिए देश में पहुंची थी।
एथेनॉल के लिए घट सकता है गन्ना डायवर्जन…
आगे चलकर यदि सरकार को घरेलू चीनी स्टॉक दोबारा मजबूत करना प्राथमिकता लगता है, तो एथेनॉल उत्पादन के लिए गन्ने का डायवर्जन कम किया जा सकता है। वर्मा ने कहा कि, बारिश को लेकर चिंता और 2027-28 सीजन की फसल के संभावित परिदृश्य को देखते हुए सरकार को पहले से योजना बनाने की जरूरत हो सकती है। पर्याप्त चीनी स्टॉक तैयार करना जरूरी होगा, ताकि भविष्य में आयात पर अत्यधिक निर्भरता से बचा जा सके। ऐसी स्थिति में सरकार एथेनॉल उत्पादन के लिए गन्ने के डायवर्जन को सीमित कर सकती है और चीनी मिलों को अधिक चीनी उत्पादन के लिए प्रोत्साहित कर सकती है। इससे घरेलू चीनी भंडार को दोबारा मजबूत करने में मदद मिल सकती है।


















