मैसूरु: चीनी की कीमतों में तेज बढ़ोतरी ने मैसूरु के खाद्य उत्पाद निर्माताओं और होटल उद्योग की चिंता बढ़ा दी है। इसे देखते हुए मैसूरु चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (MCCI) ने केंद्र और कर्नाटक सरकार से छोटे और मध्यम कारोबारियों को सब्सिडी वाली दरों पर चीनी उपलब्ध कराने की मांग की है। MCCI के अध्यक्ष के.बी. लिंगराजू ने कहा कि, चीनी की बढ़ती कीमतों से बेकरी, मिठाई और बिस्किट निर्माता, पेय पदार्थ कंपनियां, खाद्य प्रसंस्करण इकाइयां, होटल, रेस्तरां और अन्य छोटे एवं मध्यम कारोबारों की लागत बढ़ रही है।
उन्होंने कहा कि, ये उद्योग पहले से ही बिजली, श्रम, परिवहन, पैकेजिंग और कच्चे माल की बढ़ती लागत का सामना कर रहे हैं। लिंगराजू ने कहा कि, चीनी की कीमतें तेजी से बढ़ने के कारण छोटे और मध्यम स्तर के खाद्य उद्योगों को अपने उत्पादों की कीमतें बढ़ाने पर विचार करना पड़ रहा है। यदि कीमतें बढ़ाई जाती हैं तो इसका बोझ उपभोक्ताओं पर पड़ेगा और यदि कीमतें नहीं बढ़ाई जातीं तो कारोबारियों को नुकसान उठाना पड़ेगा।
उन्होंने सरकारों से ऐसी नियंत्रित व्यवस्था बनाने की मांग की, जिसके माध्यम से खाद्य निर्माता और होटल रियायती दरों पर चीनी खरीद सकें। उन्होंने चीनी के स्टॉक, उत्पादन तथा इथेनॉल के लिए डायवर्ट किए जा रहे गन्ने और चीनी की मात्रा की भी कड़ी निगरानी की मांग की। लिंगराजू ने जमाखोरी और कृत्रिम कमी पैदा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि कीमतों को स्थिर करने के लिए चीनी मिलों और उद्योग संगठनों के साथ नियमित विचार-विमर्श किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि, कई कारोबारों के लिए चीनी एक आवश्यक कच्चा माल है और इसकी कीमत में तेज बढ़ोतरी के कारण खाद्य क्षेत्र से जुड़े उद्योगों का संचालन लगातार मुश्किल होता जा रहा है। सरकार ने हस्तक्षेप नहीं किया तो बढ़ी हुई उत्पादन लागत का बोझ अंततः उपभोक्ताओं पर ही पड़ेगा। लिंगराजू ने चीनी की कीमतों में बढ़ोतरी के लिए कुछ हद तक कम बारिश के कारण गन्ने के उत्पादन में आई कमी को जिम्मेदार बताया।
उन्होंने एथेनॉल उत्पादन के लिए गन्ने और चीनी आधारित कच्चे माल के बढ़ते डायवर्जन का भी उल्लेख किया।उनके अनुसार, पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण बढ़ाने की केंद्र सरकार की नीति के कारण अधिक मात्रा में गन्ने और चीनी आधारित उत्पादों को इथेनॉल उत्पादन की ओर मोड़ा जा रहा है। इससे घरेलू बाजार में चीनी की उपलब्धता पर अतिरिक्त दबाव पड़ रहा है।


















