नई दिल्ली : राजधानी दिल्ली में पिछले कुछ हफ्तों में स्वाइन फ्लू यानी H1N1 संक्रमण के मामलों में तेजी से वृद्धि हुई है। इसके मद्देनजर दिल्ली सरकार ने सार्वजनिक स्वास्थ्य एडवाइजरी जारी कर लोगों से श्वसन संबंधी संक्रमण से बचाव के लिए जरूरी सावधानियां बरतने की अपील की है।स्वास्थ्य अधिकारियों ने लोगों को भीड़भाड़ वाली जगहों पर मास्क पहनने, नियमित रूप से हाथ धोने, सांस संबंधी संक्रमण से पीड़ित लोगों के निकट संपर्क से बचने और फ्लू जैसे लक्षण गंभीर या लंबे समय तक बने रहने पर डॉक्टर से सलाह लेने की सलाह दी है।
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, इस वर्ष दिल्ली में 1,777 से अधिक H1N1 मामले सामने आए हैं। अकेले गुरुवार को 114 नए मामले दर्ज किए गए। राजधानी में 2,300 से अधिक इन्फ्लुएंजा-A के मामले भी सामने आए हैं। इसके बाद स्वास्थ्य अधिकारियों ने तैयारियां तेज कर दी हैं।एडवाइजरी में खांसते या छींकते समय मुंह और नाक ढकने तथा भीड़भाड़ या कम वेंटिलेशन वाली जगहों पर मास्क पहनने की सलाह दी गई है। लोगों से नियमित रूप से हाथ धोने और बिना हाथ धोए आंख, नाक या मुंह को छूने से बचने को कहा गया है।इसके अलावा सार्वजनिक स्थानों पर थूकने से बचने, सांस संबंधी लक्षण वाले लोगों से दूरी बनाए रखने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और बीमार होने पर अनावश्यक नजदीकी संपर्क से बचने की सलाह दी गई है।


















