जकार्ता : इंडोनेशिया वर्ष 2026 में करीब 30 लाख मीट्रिक टन चीनी उत्पादन का लक्ष्य हासिल कर सकता है। इससे देश घरेलू स्तर पर सफेद चीनी की मांग पूरी करने में सक्षम हो जाएगा और उसे आयात पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। अंतरा न्यूज ने कृषि मंत्री आंदी अमरान सुलैमैन के हवाले से यह जानकारी दी है। कृषि मंत्री सुलैमैन ने बताया कि, सरकार गन्ने और चीनी का उत्पादन बढ़ाने के लिए कई कदम उठा रही है। सरकार का लक्ष्य इसी वर्ष सफेद चीनी के आयात को समाप्त करना है। इसके लिए कम उपयोग में आ रहे छोटे किसानों के गन्ने के खेतों का बेहतर इस्तेमाल किया जा रहा है। साथ ही खराब स्थिति में मौजूद छोटे किसानों की करीब 86 प्रतिशत गन्ना भूमि के पुनर्वास की योजना पर भी काम किया जा रहा है।
गन्ने के खेतों के पुनरुद्धार पर जोर
सुलैमैन के अनुसार, राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने कृषि मंत्रालय को उपेक्षित छोटे किसानों के गन्ने के खेतों को फिर से विकसित करने के निर्देश दिए हैं। सरकार ने देशभर में भूमि की सफाई और दोबारा गन्ना लगाने के लिए 1.7 ट्रिलियन इंडोनेशियाई रुपिया का बजट आवंटित किया है। घरेलू मांग को पूरा करने के लिए सरकार चीनी कंपनियों को भी उत्पादन बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित कर रही है। इसका उद्देश्य देश में चीनी की उपलब्धता बढ़ाना और आयात पर निर्भरता कम करना है।
लैम्पुंग में भी बढ़ेगा गन्ने का रकबा
कृषि मंत्रालय के बागान विभाग के कार्यवाहक महानिदेशक हेरु त्रि विदार्तो ने बताया कि लैम्पुंग प्रांत में गन्ने की खेती का क्षेत्रफल वर्ष 2027 तक बढ़ाकर 97,970 हेक्टेयर करने का लक्ष्य रखा गया है। इस क्षेत्र से वर्ष 2027 में करीब 4,80,053 मीट्रिक टन चीनी उत्पादन का अनुमान है। वहीं, चालू वर्ष के लिए लैम्पुंग में 2,50,000 मीट्रिक टन चीनी उत्पादन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। सरकार को उम्मीद है कि, गन्ने की खेती के क्षेत्रफल में विस्तार और प्रति हेक्टेयर उत्पादकता में वृद्धि से देश का कुल चीनी उत्पादन बढ़ेगा। इससे इंडोनेशिया को घरेलू सफेद चीनी की जरूरत पूरी करने और आयात पर निर्भरता कम करने में मदद मिलेगी।



















गन्ना का भाव 600/रुपए प्रति कुंतल हो