घरेलू बायोएथेनॉल उत्पादन बढ़ाने के लिए सस्ता फीडस्टॉक तलाश रहा फिलीपींस

मनीला: फिलीपींस घरेलू बायोएथेनॉल उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए सस्ते और अधिक विविध फीडस्टॉक (कच्चे माल) की संभावनाएं तलाश रहा है। इसका उद्देश्य आयातित ईंधन के मुकाबले घरेलू ईंधन की प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़ाने के साथ-साथ स्थानीय किसानों और उद्योगों को भी समर्थन देना है। फिलस्टार की एक रिपोर्ट के अनुसार, सरकार इस दिशा में विभिन्न विकल्पों पर विचार कर रही है। कृषि सचिव फ्रांसिस्को टियू लॉरेल जूनियर और ऊर्जा सचिव शेरोन गारिन के बीच हुई बैठक के बाद दोनों विभाग फीडस्टॉक की लागत कम करने, निष्क्रिय डिस्टिलरी क्षमता का उपयोग करने और घरेलू एथेनॉल उत्पादन बढ़ाने के तरीकों की समीक्षा कर रहे हैं।

बैठक में देश में एथेनॉल मिश्रण की अनिवार्यता को मौजूदा 10 प्रतिशत से बढ़ाकर 15 प्रतिशत करने की संभावना पर भी चर्चा हुई। इस बीच, बायोएथेनॉल के लिए फिलीपीन राष्ट्रीय मानक को अंतिम रूप दिया जा रहा है और इसके मसौदे पर सार्वजनिक परामर्श जारी है। सरकार अधिक मात्रा में बायोएथेनॉल उत्पादन के लिए शीरा (मोलासेस), गन्ने का रस, स्थानीय स्तर पर उत्पादित मक्का और पाम ऑयल को संभावित फीडस्टॉक के रूप में देख रही है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

टियू लॉरेल ने कहा कि सरकार इन विकल्पों का सावधानीपूर्वक आकलन कर रही है। इन विकल्पों से एथेनॉल उत्पादन की लागत कम हो सकती है और भविष्य में पेट्रोल की कीमतों में कमी लाने में भी मदद मिल सकती है। कृषि विभाग बेहतर बीजों, मशीनीकरण और किसानों तथा एथेनॉल उत्पादकों के बीच अनुबंध आधारित खेती की व्यवस्था के जरिए मक्का उत्पादन बढ़ाने की भी योजना बना रहा है। टियू लॉरेल के अनुसार, मुख्य चुनौती मक्के की उपलब्धता नहीं है, बल्कि ऐसी कीमतों पर इसकी आपूर्ति सुनिश्चित करना है जिससे इथेनॉल उत्पादन व्यावसायिक रूप से लाभदायक बना रहे।

पाम ऑयल को भी बायोएथेनॉल और सतत विमानन ईंधन (SAF) के लिए वैकल्पिक फीडस्टॉक के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि, पाम के बागानों को परिपक्व होने में लगभग तीन साल लग सकते हैं। गन्ने से प्राप्त फीडस्टॉक के आधार पर फिलीपींस में बायोएथेनॉल उत्पादन का अनुमान प्रति वर्ष 325 मिलियन से 385 मिलियन लीटर है, जबकि देश की स्थापित उत्पादन क्षमता 500 मिलियन लीटर से अधिक है। सरकार का मानना है कि फीडस्टॉक के स्रोतों में विविधता लाने से किसी एक कृषि जिंस पर निर्भरता कम होगी, मौजूदा डिस्टिलरी क्षमता का बेहतर उपयोग किया जा सकेगा और घरेलू बायोएथेनॉल की कीमतों को संभावित रूप से कम किया जा सकेगा।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here