फिजी का चीनी उद्योग डिजिटल तकनीक की ओर अग्रेसर, गन्ना किसानों को बेहतर सेवाएं देने पर जोर

सुवा: फिजी का चीनी उद्योग डिजिटल सेवाओं की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। नई तकनीकी प्रणालियों के जरिए उद्योग की कार्यक्षमता बढ़ाने, किसानों की वित्तीय सेवाओं तक पहुंच का विस्तार करने और बढ़ती लागत तथा जलवायु संबंधी चुनौतियों से निपटने में गन्ना उत्पादकों की मदद करने का प्रयास किया जा रहा है। फिजी सन की रिपोर्ट के अनुसार, डिजिटल तकनीक के इस्तेमाल से गन्ना किसानों को मिलने वाली सेवाओं को अधिक तेज, पारदर्शी और समावेशी बनाने की योजना है।

शुगर केन ग्रोअर्स फंड (SCGF) ने गुरुवार को लौतोका में अपना डिजिटल मैनेजमेंट सिस्टम (DMS), स्मार्ट चैटबॉट और जेंडर इक्वेलिटी, डिसेबिलिटी एंड सोशल इन्क्लूजन (GEDSI) फ्रेमवर्क लॉन्च किया। इन पहलों को एशियाई विकास बैंक (ADB) का समर्थन प्राप्त है। वित्त, वाणिज्य एवं व्यवसाय विकास मंत्री एस्रोम इमैनुएल ने कहा कि डिजिटल तकनीक को अपनाना चीनी क्षेत्र के आधुनिकीकरण और गन्ना किसानों तक सेवाओं की बेहतर पहुंच सुनिश्चित करने के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

उन्होंने कहा कि, डिजिटलीकरण से उद्योग में अधिक पारदर्शिता लाई जा सकती है। साथ ही, महिला किसानों और कृषि समुदाय के अन्य कमजोर वर्गों को सेवाओं और अवसरों तक बेहतर पहुंच उपलब्ध कराने में भी डिजिटल तकनीक मददगार साबित हो सकती है। इमैनुएल ने कहा कि चीनी उद्योग हजारों परिवारों के लिए आजीविका का महत्वपूर्ण आधार है और ग्रामीण क्षेत्रों की आर्थिक मजबूती में इसकी बड़ी भूमिका है। उन्होंने सभी हितधारकों से नवाचार को अपनाने और पारंपरिक कारोबारी तरीकों से आगे बढ़ने का आग्रह किया।उन्होंने कहा कि, वैश्विक चीनी कीमतों में कमजोरी और ईंधन की बढ़ती लागत जैसी चुनौतियों के बावजूद सरकार गारंटीकृत कीमतों और सब्सिडी सहित विभिन्न उपायों के जरिए चीनी क्षेत्र को समर्थन देना जारी रखेगी।

बढ़ती लागत और जलवायु जोखिम से निपटने में मदद

कृषि, जलमार्ग एवं चीनी उद्योग मंत्री तोमासी तुनाबुना ने कहा कि, नई डिजिटल पहल उद्योग के सामने मौजूद कई गंभीर चुनौतियों से निपटने में मदद करेंगी। इनमें बढ़ती परिचालन लागत, जलवायु जोखिम और वित्तीय समावेशन की कमी प्रमुख हैं। उन्होंने कहा कि कागज आधारित प्रक्रियाओं को डिजिटल प्रणालियों से बदलने से किसानों के लिए सेवाएं अधिक तेज और सुलभ हो सकती हैं। इसके साथ ही, इससे चीनी क्षेत्र की दीर्घकालिक स्थिरता और टिकाऊ विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।

ग्रामीण समुदायों के लिए वित्तीय सहायता का महत्वपूर्ण स्रोत

SCGF के अध्यक्ष मरिका लुवेनियाली ने कहा कि, 1946 में स्थापना के बाद से फंड में महत्वपूर्ण बदलाव हुए हैं और यह ग्रामीण समुदायों के लिए वित्तीय सहायता के एक महत्वपूर्ण स्रोत के रूप में विकसित हुआ है।उन्होंने कहा कि बदलती परिस्थितियों और गन्ना किसानों की जरूरतों के अनुरूप संस्था को भविष्य में भी लगातार खुद को विकसित करना होगा।

महिलाओं के लिए वित्तीय अवसर बढ़ाने पर जोर

एशियाई विकास बैंक की जेंडर विशेषज्ञ उज़मा अल्ताफ ने नई पहलों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि, विशेष रूप से महिलाओं के लिए उद्यमिता और आर्थिक अवसर बढ़ाने में तकनीक महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।उन्होंने ‘वी फाइनेंस कोड’ और महिला-स्वामित्व वाले व्यवसायों की राष्ट्रीय परिभाषा विकसित करने जैसी पहलों को वित्तीय अंतर को कम करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। इससे महिला उद्यमियों से संबंधित आंकड़ों की उपलब्धता और वित्तीय संस्थानों तक उनकी पहुंच में भी सुधार हो सकता है।

चीनी उद्योग की व्यापक समीक्षा जारी

इस बीच, सरकार की चीनी उद्योग पर विशेष समिति पूरे क्षेत्र की व्यापक समीक्षा कर रही है। समिति से ऐसी सिफारिशें देने की उम्मीद है, जिन्हें चीनी उद्योग के लिए तैयार किए जाने वाले दीर्घकालिक रणनीतिक प्लान का हिस्सा बनाया जाएगा।अधिकारियों के अनुसार, हाल की डिजिटल पहल फिजी के चीनी उद्योग को अधिक कुशल, सुलभ और समावेशी व्यवस्था की ओर ले जाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम हैं। भविष्य में डिजिटल तकनीक की भूमिका और बढ़ने की उम्मीद है, जिससे फिजी के गन्ना किसानों और ग्रामीण समुदायों को बेहतर सेवाएं, वित्तीय अवसर और बदलती आर्थिक एवं जलवायु परिस्थितियों से निपटने में सहायता मिल सकेगी।

 

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here