मुरैना : मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मुरैना जिले की लंबे समय से बंद पड़ी कैलारस चीनी मिल को दोबारा शुरू करने के लिए राज्य सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई है। द हंस इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, यह कदम क्षेत्र के चीनी उद्योग और स्थानीय गन्ना किसानों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। ‘बलराम कृषि महोत्सव’ के दौरान किसानों को वर्चुअली संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि, कैलारस चीनी मिल को फिर से शुरू करना किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल होगी। उन्होंने कहा कि, मिल के दोबारा संचालन से गन्ना उत्पादकों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिल सकेगा और क्षेत्र में स्थानीय स्तर पर औद्योगिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
30 साल की लीज पर मिल संचालन की तैयारी
मिल के पुनरुद्धार को लेकर राज्य सरकार पहले से ही प्रशासनिक स्तर पर प्रयास कर रही है।सरकार ने मिल की जमीन, प्लांट मशीनरी और अन्य बुनियादी ढांचे को एमएसएमई विभाग को हस्तांतरित कर दिया था। इसके बाद मिल के संचालन के लिए इच्छुक संस्थाओं से 30 वर्ष की लीज पर प्रस्ताव आमंत्रित किए गए हैं। मिल को “जैसी स्थिति है, जहां है” (As-is, Where-is) के आधार पर सौंपने के लिए एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट (EOI) आमंत्रित किया गया है। टेंडर प्रक्रिया सितंबर के मध्य तक जारी रहने की संभावना है।
1,250 टीसीडी क्षमता वाली मिल के पुनरुद्धार की उम्मीद
मुख्यमंत्री की ओर से मिला यह सीधा आश्वासन कैलारस चीनी मिल के पुनरुद्धार के प्रयासों को मजबूत राजनीतिक समर्थन माना जा रहा है। मिल की गन्ना पेराई क्षमता 1,250 टन प्रतिदिन (TCD) है। लंबे समय से बंद पड़ी कैलारस इकाई को दोबारा शुरू करने की दिशा में अब प्रशासनिक प्रक्रिया और सरकार की स्पष्ट प्रतिबद्धता के चलते ठोस प्रगति की उम्मीद बढ़ गई है। इससे क्षेत्र के गन्ना किसानों को बाजार और बेहतर आय के नए अवसर मिलने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार और औद्योगिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिल सकता है।


















