ब्लैक सी क्षेत्र में व्यवधान के बीच एशियाई खरीदार ऑस्ट्रेलिया और अर्जेंटीना के गेहूं की ओर मुड़े

सिंगापुर : काला सागर यानी ब्लैक सी क्षेत्र में जहाजों और अनाज निर्यात ढांचे पर हो रहे हमलों के कारण रूस और यूक्रेन से गेहूं की आपूर्ति प्रभावित होने लगी है। ऐसे में एशियाई गेहूं आयातक वैकल्पिक स्रोतों की ओर रुख कर रहे हैं। व्यापार क्षेत्र के तीन सूत्रों के अनुसार, हाल के सौदों में एशियाई खरीदारों ने कम से कम 5 लाख मीट्रिक टन ऑस्ट्रेलियाई और अर्जेंटीना के गेहूं की खरीद की है। व्यापारियों के मुताबिक, क्षेत्र के आयातकों को वैकल्पिक आपूर्ति के लिए पहले की तुलना में काफी अधिक कीमत चुकानी पड़ रही है। दुनिया के दूसरे सबसे बड़े गेहूं आयातक इंडोनेशिया समेत कई एशियाई देश अपनी घरेलू मांग पूरी करने के लिए आयात पर काफी निर्भर हैं।

रूस और यूक्रेन की खेपों की जगह वैकल्पिक खरीद

ChiniMandi WhatsApp Channel

एक अंतरराष्ट्रीय व्यापार कंपनी से जुड़े एशियाई व्यापारी ने बताया कि, पिछले एक सप्ताह से 10 दिनों के दौरान ऑस्ट्रेलिया और अर्जेंटीना के गेहूं के कई बड़े सौदे हुए हैं। इन सौदों का उद्देश्य रूस और यूक्रेन से आने वाली उन खेपों की भरपाई करना है, जो अभी तक खरीदारों तक नहीं पहुंची हैं। रूस और यूक्रेन की ओर से बंदरगाहों और मालवाहक जहाजों पर किए गए हमलों ने अनाज टर्मिनलों के संचालन को प्रभावित किया है। इसके चलते प्रमुख निर्यात सीजन के दौरान दर्जनों गेहूं की खेपों की लोडिंग में देरी हुई है या उन्हें रद्द करना पड़ा है। अमेरिकी कृषि वस्तु व्यापार समूह एडीएम (ADM) ने बुधवार को बताया कि 31 अगस्त को ड्रोन हमले में यूक्रेन के ब्लैक सी बंदरगाह ओडेसा स्थित उसके यूईपी अनाज टर्मिनल को नुकसान पहुंचा।

ऑस्ट्रेलियाई और अर्जेंटीना के गेहूं के दाम बढ़े

व्यापारियों के अनुसार, खरीदारों ने ऑस्ट्रेलियाई प्रीमियम व्हाइट गेहूं के लिए लागत और माल ढुलाई सहित करीब 315 से 330 डॉलर प्रति टन का भुगतान किया। वहीं, अर्जेंटीना के गेहूं के सौदे करीब 310 से 315 डॉलर प्रति टन की कीमत पर हुए। इसके मुकाबले अगस्त-सितंबर में डिलीवरी के लिए अधिकांश ब्लैक सी गेहूं की खेपों के सौदे करीब 260 से 280 डॉलर प्रति टन की कीमत पर हुए थे। इस बीच, शिकागो बाजार में गेहूं के बेंचमार्क वायदा भाव जून के अंत से अब तक करीब 35 प्रतिशत बढ़ चुके हैं। ब्लैक सी क्षेत्र से गेहूं की आपूर्ति में कमी को कीमतों में इस तेजी का प्रमुख कारण माना जा रहा है। अर्जेंटीना, ऑस्ट्रेलिया और अमेरिका जैसे अन्य प्रमुख निर्यातक देशों में भी हाजिर गेहूं की कीमतों में तेजी आई है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here