गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश) : निवाड़ी गंगनहर पटरी मार्ग स्थित ग्राम पैगा में सोमवार दोपहर एक भीषण अग्निकांड में किसान की मेहनत पल भर में जलकर खाक हो गई। गंगनहर पटरी के पास झाड़ियों से शुरू हुई चिंगारी ने विकराल रूप धारण करते हुए किसान राजवीर सिंह के खेतों को अपनी चपेट में ले लिया। पीड़ित किसान राजवीर सिंह ने अमर उजाला को बताया कि, उनके गंगनहर पटरी के किनारे स्थित खेतों में लगभग 25 बीघा गेहूँ और 25 बीघा ईंख (गन्ना) की तैयार फसल खड़ी थी। सोमवार दोपहर अचानक नहर किनारे सूखी झाड़ियों से धुआं उठते देखा गया। तेज हवाओं के कारण आग ने तेजी से विस्तार किया और देखते ही देखते खड़ी फसलों को अपनी गिरफ्त में ले लिया।
आग की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुँची। दमकल कर्मियों ने ग्रामीणों की सहायता से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक फसल का बड़ा हिस्सा जल चुका था। इस भीषण आग के कारण किसान को लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान झेलना पड़ा है। गनीमत यह रही कि दमकल विभाग ने समय रहते आग को बुझा दिया, वरना आसपास के अन्य खेतों में भी आग फैल सकती थी। पीड़ित किसान ने प्रशासन से उचित मुआवजे की मांग की है।


















