नई दिल्ली : भारत इंटरनेशनल राइस कॉन्फ्रेंस (BIRC) के एक सर्वेक्षण में सामने आया है कि विदेशी चावल खरीदारों के लिए भारत की यात्रा का मतलब देश के उत्पादन, मिलिंग, प्रसंस्करण और निर्यात से जुड़े पूरे इकोसिस्टम तक सीधे पहुंच हासिल करना हो सकता है। सर्वेक्षण में कहा गया है कि,खाड़ी क्षेत्र में बढ़ती भू-राजनीतिक अस्थिरता का असर कंपनियों की अंतरराष्ट्रीय यात्राओं और सोर्सिंग के तरीकों पर पड़ रहा है। BIRC 2026 के लिए पंजीकृत विदेशी खरीदारों के बीच किए गए सर्वेक्षण में करीब 37 प्रतिशत उत्तरदाताओं ने बताया कि खाड़ी क्षेत्र की अस्थिरता ने अंतरराष्ट्रीय व्यापार आयोजनों में भाग लेने से जुड़े उनके फैसलों को प्रभावित किया है।
138 देशों के 3,317 अंतरराष्ट्रीय खरीदार पंजीकृत
BIRC सम्मेलन का आयोजन 23 अक्टूबर से नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में होने वाला है।30 अगस्त तक BIRC के लिए 138 देशों के 3,317 अंतरराष्ट्रीय खरीदारों ने पंजीकरण कराया था। इनमें बांग्लादेश 336 खरीदारों के साथ सबसे आगे है। इसके बाद बेनिन से 179 और नाइजीरिया से 177 खरीदार पंजीकृत हुए हैं। इसके अलावा, संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से 145, नेपाल और फिलीपींस से 137-137, इथियोपिया से 127, सऊदी अरब से 125, जबकि इंडोनेशिया और दक्षिण अफ्रीका से 109-109 खरीदारों ने पंजीकरण कराया है।
सोर्सिंग के लिए कई केंद्र विकसित करने पर जोर
व्यापक व्यापार परिदृश्य यह दर्शाता है कि, कंपनियां बाजार में आने वाले व्यवधानों से निपटने के लिए उत्पादन केंद्रों के नजदीक कई विशेष सोर्सिंग केंद्र विकसित कर रही हैं। दुबई में गल्फूड (Gulfood) जैसे प्लेटफॉर्म अब भी बड़े अंतरराष्ट्रीय व्यापार आयोजनों की मेजबानी करते हैं, लेकिन विशेष कमोडिटी आधारित सम्मेलन खरीदारों और विक्रेताओं के बीच अधिक प्रत्यक्ष व्यावसायिक संपर्क का अवसर उपलब्ध कराते हैं। भारतीय चावल व्यापार के लिए खरीदारों और विक्रेताओं के बीच व्यवस्थित संपर्क स्थापित करने की क्षमता वैश्विक बाजारों में दीर्घकालिक और दोहराए जाने वाले कारोबारी संबंध विकसित करने का अवसर प्रदान करती है।
भू-राजनीतिक जोखिमों की बढ़ती भूमिका
लंबे समय से जारी भू-राजनीतिक जोखिमों के कारण अंतरराष्ट्रीय व्यापार नेटवर्क और पारंपरिक क्षेत्रीय बैठक स्थलों की भूमिका की भी समीक्षा हो रही है। ईरान संघर्ष के प्रभाव ने खाद्य क्षेत्र से बाहर भी व्यावसायिक यात्राओं को प्रभावित किया है।इस साल की शुरुआत में जेपी मॉर्गन (JPMorgan) और पार्टनर्स ग्रुप (Partners Group) जैसी संस्थाओं ने UAE में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को स्थानांतरित किया या रद्द किया था। इसी दौरान, विमानन क्षेत्र में व्यवधान के बीच मार्च में दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर यात्रियों की आवाजाही में तेज गिरावट दर्ज की गई। वहीं, अमेरिका ने सशस्त्र संघर्ष, ड्रोन और मिसाइल हमलों के जोखिम तथा उड़ानों से जुड़ी समस्याओं का हवाला देते हुए UAE के लिए लेवल-3 ‘रीकंसिडर ट्रैवल’ एडवाइजरी जारी रखी है।इसके अलावा, रिपोर्टों के अनुसार, तनाव बढ़ने के बीच UAE ने पिछले महीने के अंत में ईरान के साथ व्यापार, वाणिज्यिक आदान-प्रदान और वित्तीय लेनदेन को निलंबित कर दिया था।
‘भू-राजनीतिक जोखिम अब खरीदारों के फैसलों का हिस्सा’
इंडियन राइस एक्सपोर्टर्स फेडरेशन के उपाध्यक्ष देव गर्ग ने कहा, भू-राजनीतिक जोखिम अब अंतरराष्ट्रीय खरीदारों की निर्णय प्रक्रिया का हिस्सा बन रहा है। गर्ग के अनुसार, सर्वेक्षण का यह मतलब नहीं है कि खरीदार केवल खाड़ी क्षेत्र की मौजूदा स्थिति के कारण BIRC में हिस्सा ले रहे हैं। न ही इसका अर्थ यह है कि स्थापित अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी प्लेटफॉर्म को तत्काल बदला जा रहा है। उन्होंने कहा कि इसका अधिक महत्वपूर्ण निष्कर्ष यह है कि कारोबारी भविष्य में ऐसे कई स्थानों पर आपूर्तिकर्ताओं से मिलने के विकल्प चाहते हैं, जहां वे अपने सोर्सिंग और नेटवर्किंग कार्यक्रमों को केवल एक भौगोलिक क्षेत्र तक सीमित रखने के बजाय अलग-अलग स्थानों पर आयोजित कर सकें।


















