बिहार : गन्ने के दाम बढ़ाने की मांग को लेकर किसानों का प्रदर्शन, NH-727 पर ट्रैक्टर-ट्रॉली के साथ आंदोलन

बगहा : गन्ने के उचित मूल्य की मांग को लेकर बिहार के बगहा में सोमवार, 7 सितंबर 2026 को सैकड़ों किसानों ने सड़क पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया। किसानों ने गन्ने का मूल्य मौजूदा 600 रुपये से बढ़ाकर 650 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग उठाई। किसानों का कहना है कि, चीनी की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, जबकि दूसरी ओर खेती की लागत और महंगाई भी बढ़ रही है। ऐसे में गन्ना उत्पादकों को उनकी फसल का उचित मूल्य मिलना जरूरी है।

गन्ना और ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर पहुंचे किसान

ChiniMandi WhatsApp Channel

नेपाल और उत्तर प्रदेश की सीमा से लगे क्षेत्रों समेत जिले के विभिन्न इलाकों से बड़ी संख्या में किसान गन्ना और ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर बगहा पहुंचे। ईंख काश्तकार संघ, बिहार के बैनर तले किसानों ने धरना-प्रदर्शन करते हुए गन्ने का मूल्य बढ़ाने की मांग को लेकर अपनी आवाज बुलंद की। प्रदर्शन के बाद किसानों ने एसडीएम चांदनी कुमारी को ज्ञापन सौंपकर गन्ने का दाम 650 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग रखी।

600 से बढ़ाकर 650 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग

किसानों के अनुसार, चीनी की कीमतों में लगातार वृद्धि के बावजूद गन्ना उत्पादकों को उनकी फसल का पर्याप्त मूल्य नहीं मिल रहा है। खेती में खाद, बीज, सिंचाई, मजदूरी और अन्य इनपुट की लागत लगातार बढ़ रही है। ऐसे में मौजूदा गन्ना मूल्य पर किसानों के लिए खेती करना मुश्किल होता जा रहा है। किसानों ने सरकार और चीनी मिलों की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए गन्ने का मूल्य 650 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित करने की मांग दोहराई।

‘लागत बढ़ रही है, उचित मूल्य नहीं मिला तो खेती मुश्किल’

ईंख काश्तकार संघ, बिहार के प्रदेश सचिव रामकुमार उर्फ छोटे श्रीवास्तव ने कहा कि, गन्ने की खेती की लागत लगातार बढ़ रही है। यदि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिला तो आने वाले समय में गन्ने की खेती करना उनके लिए मुश्किल हो जाएगा। उन्होंने कहा कि, NH-727 मुख्य सड़क के किनारे किसानों का प्रदर्शन सरकार और प्रशासन तक गन्ना उत्पादकों की मांग पहुंचाने का प्रयास है। किसानों ने प्रशासन से उनकी मांग पर गंभीरता से विचार करते हुए गन्ने के मूल्य में बढ़ोतरी का उचित निर्णय लेने की अपील की है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here