इलाहाबाद हाईकोर्ट का आदेश: यदु शुगर को स्थापित क्षमता के अनुसार गन्ना आवंटित किया जाए

प्रयागराज (उत्तर प्रदेश): इलाहाबाद हाईकोर्ट ने बदायूं स्थित यदु शुगर लिमिटेड की याचिका स्वीकार करते हुए गन्ना आयुक्त को निर्देश दिया है कि, वर्ष 2026-27 के पेराई सत्र के लिए मिल को उसकी स्थापित क्षमता के अनुरूप गन्ना आवंटित किया जाए। अदालत ने यह भी कहा कि, गन्ने के परिवहन के दौरान होने वाले करीब 40 प्रतिशत नुकसान को ध्यान में रखते हुए आवंटन किया जाए और मिल को पूरे 180 दिनों तक निर्बाध रूप से गन्ने की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।यह आदेश न्यायमूर्ति जे.जे. मुनीर और न्यायमूर्ति सिद्धार्थ नंदन की खंडपीठ ने दिया। अदालत ने कहा कि, कल्याणकारी सरकार की जिम्मेदारी है कि ऐसी नीतियां बनाई जाएं, जिनसे मौजूदा चीनी मिलें लगातार संचालित हो सकें और नई चीनी मिलों की स्थापना के अवसर भी पैदा हों।

आवंटन कम होने से बंद हुई मिल

ChiniMandi WhatsApp Channel

यदु शुगर मिल की स्थापित गन्ना पेराई क्षमता 7,000 टन प्रतिदिन है। इसके आधार पर मिल की अनुमानित गन्ने की आवश्यकता 100.80 लाख क्विंटल निर्धारित की गई थी। इसके बावजूद वर्ष 2025-26 के पेराई सत्र में मिल को केवल 51.30 लाख क्विंटल गन्ना आवंटित किया गया। इसमें से मिल महज 9.17 लाख क्विंटल गन्ना ही खरीद सकी।गन्ने की पर्याप्त उपलब्धता नहीं होने के कारण मिल को अंततः 26 जनवरी 2026 को अपना संचालन बंद करना पड़ा।

अन्य मिलों को 100 प्रतिशत से अधिक आवंटन

अदालत ने पाया कि क्षेत्र की कुल आठ चीनी मिलों में से सात मिलों को उनकी अनुमानित गन्ना आवश्यकता का 100 प्रतिशत से अधिक आवंटन किया गया था। इसके विपरीत यदु शुगर को उसकी अनुमानित आवश्यकता का केवल 50.89 प्रतिशत गन्ना आवंटित किया गया। हाईकोर्ट के अनुसार, कम आवंटन के कारण मिल को लगातार गन्ने की कमी का सामना करना पड़ा। रिकॉर्ड के मुताबिक, गन्ने की कमी के चलते मिल को 786.19 घंटे का नुकसान हुआ, जबकि वास्तविक पेराई अवधि केवल 784.44 घंटे रही।

किसानों के भुगतान में देरी का तर्क नहीं माना

राज्य सरकार की ओर से मिल को गन्ना आवंटन कम करने के पीछे किसानों को भुगतान में देरी और कम गन्ना खरीद को आधार बनाया गया था। हालांकि, हाईकोर्ट ने पाया कि मिल की ओर से किसानों के सभी भुगतान किए जा चुके थे। अदालत ने स्पष्ट किया कि भुगतान में हुई देरी को मिल की पेराई क्षमता कम करने का आधार नहीं माना जा सकता।अदालत ने कहा कि गन्ने का कम आवंटन ही मिल की कम खरीद और अंततः उसके बंद होने का मूल कारण था।

मौजूदा मिलों को बचाना सरकार की जिम्मेदारी

हाईकोर्ट ने सरकार को याद दिलाया कि, कल्याणकारी राज्य में ऐसी नीतियां बनाई जानी चाहिए, जिनसे मौजूदा चीनी मिलों को आर्थिक रूप से टिकाऊ बनाया जा सके। साथ ही, नई चीनी मिलों की स्थापना के लिए भी अनुकूल अवसर और परिस्थितियां तैयार करना सरकार की जिम्मेदारी है। हाईकोर्ट के इस फैसले से यदु शुगर को आगामी 2026-27 पेराई सत्र में अपनी स्थापित क्षमता के अनुसार गन्ना मिलने का रास्ता साफ हो गया है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here