दक्षिण अफ्रीका : सरकार ने चीनी आयात का संदर्भ मूल्य बढ़ाया, लेकिन उत्पादकों ने सुरक्षा को बताया अपर्याप्त

केप टाउन : दक्षिण अफ्रीका ने चीनी आयात के लिए डॉलर आधारित संदर्भ मूल्य (DBRP) को 680 अमेरिकी डॉलर से बढ़ाकर 785 डॉलर प्रति टन कर दिया है। इससे बढ़ते आयात से परेशान घरेलू चीनी उत्पादकों को कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि, गन्ना उत्पादकों और प्रमुख चीनी कंपनियों का कहना है कि नया संदर्भ मूल्य भी घरेलू उद्योग को पर्याप्त सुरक्षा देने के लिए कम है।

यह बढ़ोतरी इंटरनेशनल ट्रेड एडमिनिस्ट्रेशन कमीशन (ITAC) की समीक्षा के बाद की गई है। समीक्षा के दौरान दक्षिण अफ्रीकी शुगर एसोसिएशन (SASA) ने संदर्भ मूल्य को 905 डॉलर प्रति टन करने की मांग की थी, जबकि दक्षिण अफ्रीका के बेवरेज एसोसिएशन ने इसे घटाकर 552 से 650 डॉलर प्रति टन के बीच रखने का प्रस्ताव दिया था। ITAC ने कहा कि, दोनों प्रस्ताव घरेलू चीनी उत्पादकों को समर्थन देने, डाउनस्ट्रीम उद्योगों और उपभोक्ताओं के हितों के बीच संतुलन बनाने में पर्याप्त नहीं थे। आयोग ने विश्व व्यापार संगठन (WTO) के तहत दक्षिण अफ्रीका की प्रतिबद्धताओं को भी ध्यान में रखा।

ChiniMandi WhatsApp Channel

संदर्भ मूल्य से कैसे लगेगा आयात शुल्क?

DBRP व्यवस्था के तहत जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में चीनी की कीमत संदर्भ मूल्य से नीचे चली जाती है, तो परिवर्तनीय आयात शुल्क लागू होता है। ITAC की शुरुआती गणना के अनुसार, यह शुल्क लगभग 6,979 दक्षिण अफ्रीकी रैंड प्रति टन हो सकता है।ITAC की समीक्षा में कहा गया कि, घरेलू चीनी उद्योग को अस्थिर चीनी कीमतों, बढ़ती उत्पादन लागत और उत्पादन व लाभ में गिरावट का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, खासकर ब्राजील से चीनी आयात में वृद्धि हुई है।

आयात में भारी बढ़ोतरी से उत्पादकों की चिंता

एसए गन्ना उत्पादक (SA Canegrowers ) ने संदर्भ मूल्य बढ़ाने के फैसले का स्वागत किया, लेकिन कहा कि इसकी वास्तविक प्रभावशीलता इस बात पर निर्भर करेगी कि क्या इससे चीनी आयात पर अंकुश लगता है। संगठन के अनुसार, शुल्क चुकाकर आयात की गई चीनी की मात्रा जनवरी-जून 2022 में 1,619 टन थी, जो इस साल इसी अवधि में बढ़कर 1,24,594 टन हो गई।एसए गन्ना उत्पादक ने बताया कि, पिछले तीन चीनी सत्रों में घरेलू चीनी बिक्री करीब 1.88 लाख टन यानी 35 प्रतिशत घट गई है। इसके साथ ही गन्ना उत्पादकों के राजस्व में 1.33 अरब दक्षिण अफ्रीकी रैंड की कमी आई है।

इलोवो शुगर ने बताया नया मूल्य भी कम

दक्षिण अफ्रीका की प्रमुख चीनी कंपनियों में शामिल Illovo Sugar South Africa ने इस फैसले पर अधिक कड़ी प्रतिक्रिया दी है। कंपनी का कहना है कि 785 डॉलर प्रति टन का नया संदर्भ मूल्य भी घरेलू उद्योग की सुरक्षा के लिए आवश्यक स्तर से कम है। कंपनी के अनुसार, 2024-25 सीजन के दौरान दक्षिणी अफ्रीकी सीमा शुल्क संघ (SACU) से बाहर के देशों से 2,13,322 टन चीनी दक्षिण अफ्रीका में आई। इससे गन्ना उत्पादकों को अनुमानित 1 अरब दक्षिण अफ्रीकी रैंड और चीनी मिलों को करीब 50 करोड़ रैंड का नुकसान हुआ। इलोवो ने समुद्री मार्ग से होने वाले चीनी आयात के खिलाफ अतिरिक्त अल्पकालिक सुरक्षा उपायों, DBRP की दोबारा समीक्षा और बाजार में तेजी से प्रतिक्रिया देने वाली अधिक प्रभावी टैरिफ व्यवस्था की मांग की है।

श्रमिक संगठन ने भी फैसले का किया समर्थन

संगठित श्रमिक क्षेत्र ने भी संदर्भ मूल्य बढ़ाने के फैसले का समर्थन किया है। Cosatu ने कहा कि इससे ऐसे उद्योग को राहत मिलेगी, जिसमें प्रत्यक्ष रूप से 70,000 से अधिक लोग रोजगार पाते हैं। हालांकि, ट्रेड यूनियन ने कहा कि केवल आयात शुल्क बढ़ाने से बिजली की ऊंची लागत, लॉजिस्टिक्स, अवैध चीनी आयात और उभरते किसानों को समर्थन जैसी समस्याओं का समाधान नहीं होगा।

तीन साल बाद होगी DBRP की समीक्षा

ITAC के अनुसार, संशोधित संदर्भ मूल्य का उद्देश्य घरेलू चीनी उत्पादकों को उत्पादन लागत की भरपाई करने, कीमतों में उतार-चढ़ाव से निपटने और आयातित चीनी के मुकाबले प्रतिस्पर्धी बने रहने में मदद करना है। साथ ही डाउनस्ट्रीम उद्योगों और उपभोक्ताओं पर पड़ने वाले प्रभाव को सीमित करने का प्रयास किया गया है। आयोग ने कहा कि तीन साल बाद DBRP की समीक्षा की जाएगी। हालांकि, बाजार की परिस्थितियों में महत्वपूर्ण बदलाव होने पर इससे पहले भी समीक्षा की जा सकती है।

दक्षिण अफ्रीका के चीनी उत्पादकों के लिए फिलहाल सबसे बड़ी चुनौती यह देखना है कि बढ़ा हुआ संदर्भ मूल्य वास्तव में देश में आयातित चीनी के प्रवाह को कितना कम कर पाता है। SA Canegrowers के अध्यक्ष हिगिंस मडलुली के शब्दों में, “गन्ना उत्पादकों को निश्चितता चाहिए, एक और अधूरे समाधान की नहीं।”

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here