जालंधर : सहकारी चीनी मिल, नकोदर के कार्यक्षेत्र में आने वाले किसानों को गन्ने की उत्पादकता और कृषि आय बढ़ाने के लिए उन्नत खेती पद्धतियां अपनाने, अनुशंसित गन्ना किस्मों का इस्तेमाल करने और सहफसली खेती को बढ़ावा देने की सलाह दी गई। मेहराजवाला गांव में आयोजित जागरूकता शिविर में किसानों को आधुनिक गन्ना खेती की जानकारी दी गई। द ट्रिब्यून की रिपोर्ट के अनुसार, यह शिविर कृषि एवं किसान कल्याण विभाग, जालंधर की गन्ना शाखा द्वारा राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत आयोजित किया गया।
पंजाब के गन्ना आयुक्त डॉ. अमरीक सिंह के निर्देश पर आयोजित इस शिविर में अधिकारियों ने किसानों को आधुनिक खेती तकनीक, कीट एवं रोग प्रबंधन, सहफसली खेती तथा सरकार की विभिन्न किसान कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। जालंधर के परियोजना अधिकारी डॉ. रुलदा सिंह ने बताया कि, पंजाब सरकार शरदकालीन गन्ना बुवाई के दौरान प्रदर्शन प्लॉट स्थापित कर रही है। इन प्लॉटों का उद्देश्य किसानों को सहफसली खेती अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना और उनकी कृषि आय में वृद्धि करना है।
उन्होंने कहा कि, इस पहल का मुख्य उद्देश्य आधुनिक तकनीक और गुणवत्तापूर्ण रोपण सामग्री के माध्यम से गन्ने का उत्पादन बढ़ाना है। इसके साथ ही मिट्टी की सेहत सुधारने, किसानों की आय बढ़ाने और पोषण सुरक्षा को मजबूत करने पर भी जोर दिया जा रहा है। जालंधर के सहायक गन्ना विकास अधिकारी डॉ. गुरचरण सिंह ने किसानों को गन्ने के खेतों में उचित दूरी बनाए रखने तथा प्रति हेक्टेयर उत्पादकता बढ़ाने के लिए सहफसली खेती अपनाने की सलाह दी।
किसानों से मिट्टी की जांच कराने और संतुलित मात्रा में उर्वरकों का प्रयोग करने का भी आह्वान किया गया। सहकारी चीनी मिल, नकोदर के मुख्य गन्ना विकास अधिकारी मनदीप सिंह बराड़ ने किसानों से अनुशंसित गन्ना किस्मों की खेती करने की अपील की। वहीं, मिल के महाप्रबंधक गुरविंदर सिंह ने किसानों से गन्ने की खेती का रकबा बढ़ाने का आग्रह किया।अधिकारियों ने कहा कि आधुनिक तकनीक, गुणवत्तापूर्ण बीज और वैज्ञानिक खेती पद्धतियों को अपनाकर किसान गन्ने की उत्पादकता के साथ-साथ अपनी आय में भी वृद्धि कर सकते हैं।


















