कोल्हापुर: महाराष्ट्र सरकार 2026-27 के गन्ना पेराई सत्र की प्रस्तावित शुरुआत 15 अक्टूबर से करने के मुद्दे पर किसान संगठनों से चर्चा करेगी। अंतिम निर्णय लेने से पहले सरकार किसान संगठनों के साथ बैठक करेगी। मेडिकल शिक्षा मंत्री हसन मुश्रीफ ने यह जानकारी दी। पुढारी में प्रकाशित खबर के अनुसार, किसान संगठनों के विरोध के बीच सरकार ने यह रुख अपनाया है। किसान संगठनों ने 15 अक्टूबर से पेराई शुरू करने के फैसले पर आपत्ति जताई है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के निर्देश के बाद गन्ना पेराई सत्र जल्दी शुरू करने का प्रस्ताव सामने आया है। किसान संगठनों की मुख्य चिंता गन्ने के उचित दाम को लेकर है।
हसन मुश्रीफ ने कहा कि, सरकार किसान संगठनों को पेराई सत्र जल्दी शुरू करने के पीछे के कारण बताएगी और उनके साथ चर्चा करने के बाद ही आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। मुश्रीफ के मुताबिक, त्योहारी सीजन से पहले चीनी की कीमतों में अचानक तेज बढ़ोतरी हुई थी। खुदरा बाजार में चीनी के दाम 60 से 70 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गए थे। इससे राज्य में चीनी की उपलब्धता को लेकर चिंता पैदा हुई, जिसके बाद सरकार को हस्तक्षेप करना पड़ा।
उन्होंने कहा कि, चीनी की कीमतों में हुई बढ़ोतरी अस्थायी और कृत्रिम थी। यह स्थिति केवल करीब दो दिनों तक रही, जिसके बाद चीनी के दाम फिर नीचे आ गए। मुश्रीफ ने यह भी कहा कि, बढ़ी हुई कीमतों से चीनी मिलों को कोई खास लाभ नहीं हुआ। उन्होंने कहा, अगर चीनी की कीमतों में बढ़ोतरी के आधार पर किसान संगठन गन्ने का अधिक भाव मांग रहे हैं, तो हमें उनके साथ बैठकर इस मुद्दे पर चर्चा करनी होगी। मुश्रीफ ने बताया कि, पिछले साल किसानों को गन्ने के लिए 3,400 रुपये प्रति टन का भुगतान किया गया था। हालांकि, कुछ मामलों में 100 रुपये प्रति टन की राशि अभी भी बकाया थी। उन्होंने कहा कि कई चीनी मिलें फिलहाल इन बकाया राशि का भुगतान कर रही हैं।


















