लखनऊ: उत्तर प्रदेश कैबिनेट ने मंगलवार को 23 महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी। इनमें मथुरा की लंबे समय से बंद पड़ी चीनी मिल में एथेनॉल प्लांट स्थापित करने, छोटे और सीमांत किसानों को रियायती ब्याज दर पर ऋण देने, खिलौना निर्माण को बढ़ावा देने के लिए नई नीति लागू करने और मकान-दुकान किराए पर देने की प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए स्टांप ड्यूटी में बदलाव जैसे प्रस्ताव शामिल हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में परिवहन ढांचे, वाहन परीक्षण केंद्र, शिक्षा, सड़क विकास और पूर्व अग्निवीरों के लिए आरक्षण से जुड़े प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई।
कैबिनेट ने मथुरा जिले की छाता तहसील में 19 वर्षों से बंद पड़ी चीनी मिल को दोबारा शुरू करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। गन्ना मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण के अनुसार, क्षेत्र में फिलहाल पर्याप्त मात्रा में गन्ना उपलब्ध नहीं होने के कारण शुरुआत में यहां एथेनॉल प्लांट स्थापित किया जाएगा। इस प्लांट में गन्ने और धान को कच्चे माल के रूप में इस्तेमाल करते हुए हर साल करीब 3.96 करोड़ लीटर एथेनॉल का उत्पादन किया जाएगा।
परियोजना की अनुमानित लागत 200 करोड़ रुपये है और यह प्लांट साल में करीब 11 महीने संचालित किया जाएगा। मंत्री के अनुसार, क्षेत्र में पर्याप्त गन्ना उपलब्ध होने के बाद चीनी उत्पादन भी शुरू किया जाएगा। लक्ष्मी नारायण ने बताया कि किसी चीनी मिल को सुचारु रूप से चलाने के लिए सालाना करीब 50 लाख टन गन्ने की आवश्यकता होती है, जबकि फिलहाल क्षेत्र में इतनी मात्रा में गन्ना उपलब्ध नहीं है। चीनी मिल के पास करीब 96 एकड़ जमीन है। परियोजना के तहत यहां गोदाम और एक कॉम्प्लेक्स भी विकसित किया जाएगा।
कैबिनेट ने मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के तहत छोटे और सीमांत किसानों को रियायती ब्याज दर पर दीर्घकालिक ऋण उपलब्ध कराने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी है। योजना के तहत किसानों को 6 लाख रुपये तक का ऋण उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक लिमिटेड के माध्यम से दिया जाएगा। इस ऋण पर वार्षिक ब्याज दर 6 प्रतिशत निर्धारित की गई है।

















