उत्तर प्रदेश : चीनी मिलों के नवीनीकरण की मांग को लेकर किसानों का डीएम कार्यालय पर धरना

अलीगढ़: बंद पड़ी चीनी मिलों को दोबारा शुरू कराने और मौजूदा मिलों के आधुनिकीकरण की मांग को लेकर अलीगढ़ के गन्ना किसानों ने मोर्चा खोल दिया है। किसान मजदूर संगठन ने चेतावनी दी है कि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो डीएम कार्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा। जिला पंचायत प्रतिनिधि एवं ब्रज क्षेत्र उपाध्यक्ष प्रवीन राज सिंह ने संगठन के प्रतिनिधियों से बातचीत कर किसानों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने आश्वासन दिया कि, साथा सहकारी चीनी मिल और गोपी लधोआ चीनी मिल के नवीनीकरण की मांग मुख्यमंत्री तक पहुंचाई जाएगी। साथ ही, जल्द ही एक चीनी मिल शुरू कराने के मुद्दे पर किसान प्रतिनिधिमंडल की मुख्यमंत्री से लखनऊ में मुलाकात कराने की बात भी कही।

2013 से बंद है गोपी लधोआ चीनी मिल

ChiniMandi WhatsApp Channel

संगठन के राष्ट्रीय सचिव डॉ. शैलेन्द्र पाल सिंह ने बताया कि साथा सहकारी चीनी मिल और गोपी लधोआ चीनी मिल अलीगढ़ मंडल के गन्ना किसानों के लिए महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि गोपी लधोआ चीनी मिल वर्ष 2013 से बंद है।किसानों का कहना है कि, वे लंबे समय से मिल की क्षमता बढ़ाने और नवीनीकरण की मांग कर रहे हैं, लेकिन अभी तक इस दिशा में धरातल पर कोई ठोस काम शुरू नहीं हुआ है। संगठन के अनुसार, वर्ष 2017 से अलीगढ़ के प्रभारी मंत्री गन्ना विकास विभाग से जुड़े रहे हैं। किसान प्रतिनिधिमंडल कई बार उनसे मुलाकात कर चुका है। इस दौरान 35 टीसीडी क्षमता की नई चीनी मिल के लिए बजट उपलब्ध कराने का आश्वासन मिलने का दावा किसानों ने किया है।

चुनावी सभाओं में मिल के नवीनीकरण का दावा

किसानों का दावा है कि मुख्यमंत्री ने 2022 के विधानसभा चुनाव के दौरान काशिमपुर और 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान गभाना में आयोजित जनसभाओं में चीनी मिल के नवीनीकरण का वादा किया था। किसानों का आरोप है कि, इसके बावजूद मिल के निर्माण या आधुनिकीकरण की प्रक्रिया अब तक आगे नहीं बढ़ सकी है। संगठन के मुताबिक, वर्ष 2021-22 में अलीगढ़ में गन्ने का रकबा करीब 4,500 हेक्टेयर था, जो वर्ष 2026 में बढ़कर लगभग 7,300 हेक्टेयर हो गया है। किसानों का कहना है कि, गन्ने का रकबा बढ़ने के बावजूद चीनी मिलों की क्षमता और संचालन से जुड़ी समस्याएं बनी हुई हैं।

25 टीसीडी क्षमता वाली मिल सिर्फ नौ साल चली

किसान नेता बंटी जादौन ने साथा सहकारी चीनी मिल के आधुनिकीकरण का काम जल्द शुरू कराने की मांग की। वहीं मनोज सिंह ने कहा कि, 80 हेक्टेयर क्षेत्र में स्थापित 25 टीसीडी क्षमता वाली चीनी मिल महज नौ साल तक ही चल सकी और इसके बाद बंद हो गई। किसानों ने दोहराया कि यदि उनकी मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो डीएम कार्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा। इस दौरान धर्मेंद्र पाल सिंह, विकास राजपूत, देवराज सिंह सहित अन्य किसान प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here