नई दिल्ली : आपूर्ति श्रृंखला की मजबूती, कई स्रोतों से खरीद और विविधीकरण अब पारंपरिक तुलनात्मक लाभ के साथ-साथ वैश्विक व्यापार के महत्वपूर्ण आधार बनते जा रहे हैं। वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल ने कहा, भूराजनीतिक बदलावों और अतीत में सामने आए आपूर्ति व्यवधानों ने देशों के अंतरराष्ट्रीय व्यापार को लेकर दृष्टिकोण को बदल दिया है।
‘13वां वार्षिक फोरम 2026: इंडिया 3.0 – बाधित होती दुनिया में विकास के लिए सहभागिता’ में बोलते हुए अग्रवाल ने कहा कि भारत विश्व व्यापार संगठन (WTO) और नियम-आधारित व्यापार व्यवस्था का समर्थन करता है। हालांकि, अब देश केवल सबसे अधिक दक्ष उत्पादकों से खरीदारी करने के बजाय आपूर्ति श्रृंखला को अधिक सुरक्षित और विविध बनाने पर भी ध्यान दे रहे हैं।
अग्रवाल ने कहा, दुनिया अब केवल सबसे अधिक दक्ष स्रोतों से खरीदारी पर ध्यान नहीं दे रही है, बल्कि कई स्रोतों से खरीदारी, विविधीकरण और उपयुक्त घरेलू माहौल या घरेलू विनिर्माण पारिस्थितिकी तंत्र तैयार करके आपूर्ति श्रृंखला में मजबूती लाने का प्रयास भी कर रही है।अग्रवाल के अनुसार, इन बदलावों से अंतरराष्ट्रीय व्यापार के मुख्य आधार के रूप में तुलनात्मक लाभ की पारंपरिक समझ भी प्रभावित हो रही है।
उन्होंने कहा, इससे तुलनात्मक लाभ के पूरे सिद्धांत पर निश्चित रूप से प्रभाव पड़ता है, जिसे पहले व्यापार का प्रमुख आधार माना जाता था। अब कई अन्य कारक भी व्यापार को प्रभावित कर रहे हैं।”हालांकि, उन्होंने जोर देकर कहा कि अर्थव्यवस्थाओं का तुलनात्मक लाभ और उनकी विशिष्ट क्षमताएं वैश्विक व्यापार के केंद्र में बनी रहेंगी। इसी कारण भारत विभिन्न साझेदार देशों की विशिष्ट क्षमताओं और आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए मुक्त व्यापार समझौते (FTA) कर रहा है।


















