नई दिल्ली: भारत ने विश्व व्यापार संगठन (WTO) में ऑस्ट्रेलिया की ओर से दाखिल की गई काउंटर-नोटिफिकेशन को खारिज कर दिया है। ऑस्ट्रेलिया ने दावा किया था कि, भारत ने पिछले 11 वर्षों से चीनी के लिए उत्पाद-विशिष्ट 10 प्रतिशत की ‘डी मिनिमिस’ सीमा का उल्लंघन किया है। द टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, भारत ने ऑस्ट्रेलिया के इस दावे पर आपत्ति जताई है। भारत ने कहा कि, इस काउंटर-नोटिफिकेशन का कोई उचित आधार नहीं है, क्योंकि केंद्र सरकार या राज्य सरकार की एजेंसियां बाजार से चीनी की खरीद नहीं करती हैं। नई दिल्ली के अनुसार, चीनी की पूरी खरीद निजी चीनी मिलों और कंपनियों द्वारा की जाती है।
चीनी के लिए भारत के बाजार मूल्य समर्थन (Market Price Support-MPS) को लेकर यह तीसरी काउंटर-नोटिफिकेशन है। इससे पहले अमेरिका भी इसी तरह की आपत्तियां WTO के समक्ष उठा चुका है। एक सरकारी अधिकारी के अनुसार, भारत ने दोहराया कि पहले दाखिल की गई काउंटर-नोटिफिकेशन जिन आधारों पर तैयार की गई थीं, वे सही नहीं थे।ऑस्ट्रेलिया ने भारत की चीनी और गन्ना समर्थन नीतियों से जुड़े विवाद में 2021 में WTO पैनल द्वारा दिए गए निष्कर्षों का हवाला दिया। WTO पैनल ने माना था कि, भारत की चीनी समर्थन व्यवस्था WTO के दायित्वों के अनुरूप नहीं है और भारत द्वारा दिए जा रहे समर्थन का स्तर WTO नियमों के तहत अनुमत सीमा से अधिक है।
हालांकि, भारत ने कहा कि वह WTO पैनल के इन निष्कर्षों को स्वीकार नहीं करता है। भारत ने 2021 में ही इस फैसले के खिलाफ अपील की थी। इसलिए भारत का कहना है कि, WTO पैनल के निष्कर्षों को काउंटर-नोटिफिकेशन का उचित आधार नहीं माना जा सकता। ऑस्ट्रेलिया ने यह भी कहा कि, भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा चीनी उत्पादक देश बना हुआ है। उसके अनुसार, 2021 से 2025 के बीच वैश्विक चीनी उत्पादन में भारत की हिस्सेदारी करीब 18 प्रतिशत रही।
कैनबरा का दावा है कि, भारत की बाजार मूल्य समर्थन व्यवस्था ने देश को वैश्विक चीनी उत्पादन और व्यापार में एक प्रमुख भूमिका बनाए रखने में मदद की है।भारत की ओर से ऑस्ट्रेलिया की काउंटर-नोटिफिकेशन को खारिज किए जाने से WTO में चीनी और गन्ने से जुड़ी भारत की समर्थन नीतियों को लेकर चल रही बहस एक बार फिर सामने आई है।


















