नई दिल्ली/सुवा: भारत ने खेती के तरीकों को आधुनिक बनाने, कृषि इनपुट के बेहतर उपयोग और गन्ना किसानों को सहायता देने के उद्देश्य से फिजी को 12 कृषि ड्रोन प्रदान किए हैं। एफबीसी न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, यह पहल फिजी में कृषि क्षेत्र को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। फिजी में भारत के उच्चायुक्त सुनीत मेहता ने कहा कि, इन ड्रोन की मदद से किसान खाद और अन्य कृषि इनपुट का अधिक प्रभावी ढंग से उपयोग कर सकेंगे। साथ ही, फसलों की बेहतर निगरानी भी संभव होगी। उन्होंने कहा कि, यह तकनीक खेती से जुड़े कुछ शारीरिक श्रम को कम करने के साथ कृषि उत्पादकता बढ़ाने में भी मदद कर सकती है।
कृषि क्षेत्र में भारत का फिजी को लगातार सहयोग
सुनीत मेहता ने बताया कि, भारत विभिन्न पहलों के माध्यम से फिजी के कृषि क्षेत्र को लगातार सहयोग दे रहा है। इनमें बीजों की आपूर्ति, मोबाइल मृदा परीक्षण प्रयोगशालाएं, वित्तीय सहायता, किसानों का प्रशिक्षण और क्षमता निर्माण कार्यक्रम शामिल हैं। उन्होंने पिछले साल सितंबर में भारत द्वारा फिजी को 5 मीट्रिक टन लोबिया के बीज उपलब्ध कराने का भी उल्लेख किया। इसे दोनों देशों के बीच कृषि क्षेत्र में सहयोग का एक और उदाहरण बताया गया।
चीनी उद्योग को लेकर भी होगा ज्ञान का आदान-प्रदान
भारत की इस नई सहायता के तहत चीनी उद्योग से जुड़े ज्ञान और अनुभव का आदान-प्रदान भी किया जाएगा। फिजी के 15 प्रतिभागी अगले सोमवार से भारत के चीनी क्षेत्र पर आधारित विशेष ऑनलाइन प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होंगे।सुनीत मेहता के अनुसार, भारत की कृषि सहायता का उद्देश्य फिजी के कृषि क्षेत्र को मजबूत करना और स्थानीय किसानों की व्यावहारिक जरूरतों को पूरा करना है।
कृषि ड्रोन के इस्तेमाल की दी जाएगी ट्रेनिंग
फिजी के कृषि मंत्री टोमासी तुनाबुना ने फिजी सरकार की ओर से इन ड्रोन को औपचारिक रूप से स्वीकार किया। उन्होंने कहा कि इन उपकरणों की मदद से किसान उर्वरकों और अन्य कृषि इनपुट का बेहतर तरीके से इस्तेमाल कर सकेंगे।तुनाबुना ने बताया कि फिजी का कृषि मंत्रालय और फिजी शुगर कॉरपोरेशन मिलकर इन ड्रोन के उपयोग की निगरानी करेंगे। इसके साथ ही कर्मचारियों और किसानों को ड्रोन संचालन का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक को कृषि क्षेत्र में प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए पर्याप्त प्रशिक्षण, सुरक्षा प्रोटोकॉल और लगातार तकनीकी सहायता जरूरी है। व्यापक उद्देश्य आधुनिक तकनीक को कृषि उत्पादकता बढ़ाने और फिजी के कृषि क्षेत्र को दीर्घकालिक रूप से अधिक टिकाऊ बनाने के प्रयासों का व्यावहारिक हिस्सा बनाना है।

















