सुवा : फिजी में लंबे समय से बारिश नहीं होने के कारण वर्ष 2027 की गन्ना फसल को लेकर चिंता बढ़ गई है। किसानों ने चेतावनी दी है कि, पानी की उपलब्धता लगातार घटने से खेतों की तैयारी, गन्ने की दोबारा रोपाई और फसल के विकास पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। लंबे शुष्क दौर ने गन्ना उत्पादकों की चिंताएं बढ़ा दी हैं। लौटोका केन प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष बाला दास ने कहा कि, किसानों ने पिछले वर्ष की गई तैयारियों के दम पर मौजूदा सीजन की गन्ना फसल पर सूखे के प्रभाव को सीमित करने में सफलता हासिल की है। हालांकि, उन्होंने आशंका जताई कि वर्ष 2027 में यदि इसी तरह की कठिन परिस्थितियां बनी रहती हैं, तो किसानों के पास उनसे निपटने के लिए पर्याप्त संसाधन नहीं हो सकते।
कुएं और नदियां सूखने से बढ़ी पानी की किल्लत
दास ने कहा कि, पानी और पशुओं के चारे का संरक्षण करने संबंधी बार-बार जारी की जा रही सलाह का पालन करना किसानों के लिए लगातार मुश्किल होता जा रहा है। कुओं और नदियों सहित पानी के विभिन्न स्रोतों में जलस्तर घट रहा है और कई स्रोत सूखने लगे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि, यदि सूखे की स्थिति और गंभीर हो जाती है, तो किसान अपनी फसलों के लिए पर्याप्त पानी की व्यवस्था कैसे कर पाएंगे। दास के मुताबिक, मौजूदा परिस्थितियों में गन्ने की दोबारा रोपाई के लिए खेतों को तैयार करना भी अधिक चुनौतीपूर्ण होगा। उन्होंने खेतों को पूरी तरह सूखने से बचाने के लिए टिकाऊ और दीर्घकालिक उपाय अपनाने की मांग की।
चीनी उद्योग के सामने उत्पादन और जलवायु संबंधी चुनौतियां
फिजी के कृषि क्षेत्र को पहले से ही कई चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। विश्व बैंक समूह की वर्ष 2026 की फिजी कंट्री एंड क्लाइमेट डेवलपमेंट रिपोर्ट के अनुसार, देश में चीनी उत्पादन घट रहा है। वहीं, सब्सिडी के जरिए संसाधन अब भी कम उत्पादकता वाली गतिविधियों में लगाए जा रहे हैं, जबकि घरेलू और क्षेत्रीय बाजारों में ताजा खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, वित्त वर्ष 2024-25 में गन्ना क्षेत्र को 7.07 करोड़ डॉलर की सहायता दी गई। यह आंकड़ा उत्पादन में गिरावट और जलवायु संबंधी चुनौतियों के बीच फिजी के गन्ना उद्योग को मिल रहे सरकारी समर्थन के बड़े स्तर को दर्शाता है।


















