कीटनाशक अवशेष और गुणवत्ता संबंधी खामियों से भारतीय चावल की खेपें हो रहीं खारिज : IREF

नई दिल्ली : भारतीय चावल की खेपों को विदेशी बाजारों में कई बार खारिज किए जाने के पीछे अनुमत सीमा से अधिक कीटनाशक अवशेष, संदूषण, उत्पाद विनिर्देशों में अंतर, जांच प्रक्रियाओं में भिन्नता तथा दस्तावेज और प्रमाणन से जुड़ी कमियां प्रमुख कारण हैं। इंडियन राइस एक्सपोर्टर्स फेडरेशन (IREF) के अनुसार, इन जोखिमों को कम करने के लिए पूरी निर्यात आपूर्ति श्रृंखला में अनुपालन व्यवस्था मजबूत करने की जरूरत है। यह मुद्दा इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि भारत दुनिया का सबसे बड़ा चावल निर्यातक है। IREF द्वारा APEDA के आंकड़ों के हवाले से बताया गया कि, भारत ने 2024-25 में 2.019 करोड़ मीट्रिक टन चावल का निर्यात किया, जिसका कुल मूल्य 12.47 अरब अमेरिकी डॉलर रहा।

आपूर्ति श्रृंखला के अलग-अलग चरणों में पैदा हो सकती हैं समस्याएं

ChiniMandi WhatsApp Channel

IREF के अनुसार, चावल की खेपों के खारिज होने की समस्या आपूर्ति श्रृंखला के किसी भी चरण में उत्पन्न हो सकती है। कीटनाशक अवशेष की समस्या खेती के स्तर पर अपनाई जाने वाली कृषि पद्धतियों से शुरू हो सकती है, जबकि गुणवत्ता में कमी खरीद, भंडारण या मिलिंग के दौरान सामने आ सकती है। इसके अलावा, निर्यातकों और खरीदारों के बीच उत्पाद विनिर्देश, सैंपलिंग प्रक्रिया और जांच मानकों को लेकर अंतर भी खेप के गंतव्य देश की आवश्यकताओं को पूरा नहीं करने का कारण बन सकता है।

अलग-अलग देशों के नियमों का पालन जरूरी

विभिन्न देशों के नियामकीय मानक अलग-अलग होने के कारण निर्यातकों के लिए बाजार-विशिष्ट अनुपालन बेहद महत्वपूर्ण है। उदाहरण के लिए, यूरोपीय संघ में आयातित खाद्य पदार्थों को निर्धारित कीटनाशक अधिकतम अवशेष सीमा (MRL) का पालन करना होता है। तय मानकों को पूरा नहीं करने वाली खेप को सीमा पर ही खारिज किया जा सकता है।इंडियन राइस एक्सपोर्टर्स फेडरेशन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष देव गर्ग ने कहा कि, अनुपालन को केवल शिपमेंट के अंतिम चरण में पूरा की जाने वाली दस्तावेजी प्रक्रिया के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए, बल्कि इसे निर्यात प्रतिस्पर्धा का अभिन्न हिस्सा बनाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि, भारतीय चावल निर्यातकों के लिए बाजार तक पहुंच केवल बंदरगाह से खेप रवाना होने तक सीमित नहीं है। वास्तविक लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि गंतव्य बाजार में पहुंचने के बाद भी चावल खरीदार की सभी आवश्यकताओं को पूरा करे।

एक खेप खारिज होने से बढ़ सकता है आर्थिक नुकसान

IREF के अनुसार, किसी चावल की खेप के खारिज होने से केवल चावल के मूल्य का नुकसान नहीं होता, बल्कि अतिरिक्त जांच, बंदरगाह पर माल रोकने, भंडारण और डिमरेज शुल्क, दोबारा शिपमेंट या माल वापस मंगाने, कीमत में समायोजन और खरीदारों के साथ कारोबारी संबंधों पर असर जैसी अतिरिक्त लागत भी उठानी पड़ सकती है। देव गर्ग ने कहा कि, केवल यह देखना पर्याप्त नहीं है कि कितनी खेपें खारिज हुईं। यह समझना भी जरूरी है कि खेपें क्यों खारिज हो रही हैं, जोखिम कहां पैदा हो रहे हैं और अगली खेप भेजने से पहले निर्यातक क्या सुधार कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि, यदि उद्योग बार-बार सामने आने वाले जोखिमों की पहचान कर आपूर्ति श्रृंखला के शुरुआती स्तरों पर नियंत्रण मजबूत करता है, तो अनुपालन केवल कारोबारी लागत न रहकर प्रतिस्पर्धात्मक लाभ में बदल सकता है।

BIRC 2026 में होगी विशेष चर्चा

इस मुद्दे पर भारत इंटरनेशनल राइस कॉन्फ्रेंस (BIRC) 2026 में विशेष चर्चा की जाएगी। IREF की ओर से “Why Buyers Reject Rice Shipments: Quality, Certification and Compliance” विषय पर विशेष ज्ञान सत्र आयोजित किया जाएगा। यह सम्मेलन 23 से 25 अक्टूबर तक नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित होगा। इस सत्र में कीटनाशक अवशेष और MRL, सैंपलिंग एवं प्रयोगशाला जांच, गुणवत्ता मानक, प्रमाणन एवं दस्तावेजीकरण, ट्रेसेबिलिटी तथा शिपमेंट से पहले की जांच जैसे मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना होगा कि चावल की खेप गंतव्य देश की सीमा तक पहुंचने से पहले ही संभावित जोखिमों की पहचान कैसे की जाए।

जारी होगा ‘BIRC 2026 Rice Export Compliance Alert’

चर्चा के बाद ‘BIRC 2026 Rice Export Compliance Alert’ जारी किए जाने की उम्मीद है। इसमें उन बाजारों की जानकारी दी जाएगी जहां चावल की खेप खारिज होने का जोखिम देखा जा रहा है, खारिज होने के प्रमुख कारण, उभरते अनुपालन जोखिम, संभावित कारोबारी प्रभाव और गुणवत्ता एवं अनुपालन से जुड़ी अनावश्यक समस्याओं को कम करने के लिए निर्यातकों द्वारा उठाए जा सकने वाले व्यावहारिक कदम शामिल होंगे।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here