जकार्ता : इंडोनेशिया ने वर्ष 2027 में चीनी युक्त पेय पदार्थों पर उत्पाद शुल्क से करीब 1.6 ट्रिलियन इंडोनेशियाई रुपिया (लगभग 9.01 करोड़ अमेरिकी डॉलर) राजस्व जुटाने का लक्ष्य रखा है। इससे संकेत मिलता है कि, सरकार अगले वर्ष इस शुल्क को लागू करने की दिशा में आगे बढ़ सकती है। सरकार और प्रतिनिधि सभा की बजट समिति ने वर्ष 2027 के प्रस्तावित राज्य बजट (RAPBN) में कुल 237.21 ट्रिलियन इंडोनेशियाई रुपिया (करीब 13.36 अरब अमेरिकी डॉलर) के उत्पाद शुल्क राजस्व लक्ष्य पर सहमति जताई है। यह शुरुआती लक्ष्य 235.26 ट्रिलियन रुपिया से 1.95 ट्रिलियन रुपिया अधिक है। बढ़े हुए राजस्व लक्ष्य में पैकेज्ड चीनी युक्त पेय पदार्थों पर लगने वाले उत्पाद शुल्क से होने वाली संभावित आय को भी शामिल किया गया है। इंडोनेशिया में इसे एमबीडीके (MBDK) के नाम से जाना जाता है।
तंबाकू और शराब समेत कई उत्पादों पर उत्पाद शुल्क
बजट समिति के अध्यक्ष सईद अब्दुल्लाह ने बताया कि, कुल उत्पाद शुल्क लक्ष्य में तंबाकू उत्पाद, मादक पेय, एथिल अल्कोहल या एथेनॉल और पैकेज्ड चीनी युक्त पेय पदार्थों से मिलने वाला राजस्व शामिल है। सरकार ने मूल रूप से इस वर्ष एमबीडीके उत्पाद शुल्क लागू करने की योजना बनाई थी और इससे 7.6 ट्रिलियन रुपिया (करीब 42.81 करोड़ अमेरिकी डॉलर) राजस्व जुटाने का लक्ष्य रखा था। हालांकि, यह शुल्क अभी तक लागू नहीं हो पाया है।
2027 में 1.6 ट्रिलियन रुपिया राजस्व का अनुमान
वित्त मंत्रालय में आर्थिक एवं राजकोषीय रणनीति के कार्यवाहक महानिदेशक फेरी अर्दियान्तो ने बताया कि सरकार अब 2027 में एमबीडीके उत्पाद शुल्क से करीब 1.6 ट्रिलियन रुपिया राजस्व मिलने का अनुमान लगा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि, 2026 के अंत से पहले इस शुल्क को लागू करने की संभावना को पूरी तरह खारिज नहीं किया गया है। वित्त मंत्रालय और सीमा शुल्क एवं उत्पाद शुल्क महानिदेशालय प्रस्तावित शुल्क की समीक्षा करेंगे और इसके क्रियान्वयन के तरीके पर विचार करेंगे। शुल्क की अंतिम व्यवस्था इस बात पर भी निर्भर करेगी कि संबंधित उत्पादों में चीनी, नमक और वसा की मात्रा के आधार पर किन उत्पादों को इसके दायरे में रखा जाता है।
कई वर्षों से बजट अनुमान में शामिल है एमबीडीके शुल्क
पैकेज्ड चीनी युक्त पेय पदार्थों पर प्रस्तावित शुल्क इंडोनेशिया के राजस्व अनुमानों में कई बार शामिल किया जा चुका है, लेकिन अभी तक इसे लागू नहीं किया गया है। सरकार ने वर्ष 2024 में इस शुल्क से करीब 4.38 ट्रिलियन रुपिया राजस्व का अनुमान लगाया था। इसके बाद 2025 के लिए लक्ष्य घटाकर 3.8 ट्रिलियन रुपिया किया गया, जबकि 2026 के लिए इसे बढ़ाकर 7.6 ट्रिलियन रुपिया कर दिया गया था। वर्ष 2027 के बजट में एमबीडीके से होने वाली संभावित आय को शामिल किया जाना एक बार फिर संकेत देता है कि सरकार इस उत्पाद शुल्क को लागू करने की दिशा में आगे बढ़ना चाहती है। हालांकि, शुल्क कब लागू होगा, किन उत्पादों पर लागू होगा और इसकी अंतिम संरचना क्या होगी, इसका फैसला आगामी सरकारी निर्णयों और विचार-विमर्श के बाद होगा।


















