मनीला: फिलीपींस चैंबर ऑफ फूड मैन्युफैक्चरर्स इंक. (PCFMI) ने चीनी युक्त पेय पदार्थों (SSB) पर मौजूदा 6 से 12 पेसो प्रति लीटर के उत्पाद शुल्क को बरकरार रखने की मांग की है। संगठन ने ProGRESS सुधार पैकेज के तहत प्रस्तावित टैक्स बढ़ोतरी का विरोध करते हुए कांग्रेस से इसे मंजूरी न देने की अपील की है। द मनीला टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, चैंबर ने मौजूदा आर्थिक परिस्थितियों में अतिरिक्त टैक्स को आर्थिक रूप से अनुचित बताया है। PCFMI ने कहा कि, फिलीपींस में वर्तमान में महंगाई दर 6.4 प्रतिशत, GDP वृद्धि दर 2.3 प्रतिशत और उपभोक्ता विश्वास सूचकांक माइनस 42 पर है। चैंबर के मुताबिक, उपभोक्ता विश्वास का यह स्तर कोविड-19 लॉकडाउन के बाद का सबसे निचला स्तर है।
2018 के टैक्स से सरकार को उम्मीद से कम राजस्व मिला
PCFMI ने 2018 में लागू किए गए चीनी युक्त पेय पदार्थों पर उत्पाद शुल्क के अनुभव का भी हवाला दिया।संगठन के अनुसार, इस टैक्स से सरकार को वास्तविक रूप से प्राप्त राजस्व अनुमान से करीब 12 अरब पेसो कम रहा था। चैंबर ने चेतावनी दी कि, अधिक टैक्स के बाद SSB की खपत में सरकार द्वारा अनुमानित 27.2 प्रतिशत गिरावट आने पर सरकारी राजस्व पर भी प्रतिकूल असर पड़ सकता है।
कुल खाद्य खपत में SSB की हिस्सेदारी 5% से भी कम
PCFMI ने विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के फूड एंड न्यूट्रिशन रिसर्च इंस्टीट्यूट द्वारा किए गए 2023 नेशनल न्यूट्रिशन सर्वे का हवाला दिया। सर्वे के मुताबिक, चीनी युक्त पेय पदार्थ कुल खाद्य खपत का 5 प्रतिशत से भी कम और कुल ऊर्जा खपत का 2.7 प्रतिशत से भी कम हिस्सा हैं। संगठन के अनुसार, मौजूदा टैक्स व्यवस्था के तहत 2025 में SSB की बिक्री मात्रा पिछले वर्ष की तुलना में 9.25 प्रतिशत घट गई। इसके बावजूद वयस्कों में मोटापे की दर 43.1 प्रतिशत रही।
उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ न डालने की अपील
PCFMI ने कहा कि चीनी युक्त पेय पदार्थ राष्ट्रीय आहार का केवल एक छोटा हिस्सा हैं। इसलिए सांसदों को प्रस्तावित टैक्स बढ़ोतरी को खारिज करना चाहिए। चैंबर ने सरकार से अपील की कि उपभोक्ताओं की आर्थिक मुश्किलों के बीच उन पर अतिरिक्त वित्तीय बोझ डालने के बजाय तथ्यों और प्रमाणों पर आधारित नीतियां अपनाई जाएं।
सरकारी खर्च में पारदर्शिता की मांग
PCFMI ने सरकारी खर्च में अधिक पारदर्शिता और जवाबदेही की भी मांग की। चैंबर ने पिछले एक दशक के दौरान भ्रष्टाचार के कारण खरबों पेसो के नुकसान से संबंधित रिपोर्टों का हवाला दिया। संगठन ने कहा कि कथित नुकसान का पैमाना यह संकेत देता है कि सरकार के पास ProGRESS पैकेज के तहत आयकर छूट के प्रस्तावित विस्तार के लिए जरूरी 326 अरब पेसो जुटाने के पर्याप्त स्रोत उपलब्ध हो सकते हैं। PCFMI ने सरकार से आग्रह किया कि उपभोक्ताओं पर नए टैक्स लगाने के बजाय पहले पारदर्शिता और जवाबदेही को मजबूत करके राजस्व की कमी को दूर करने पर ध्यान दिया जाए।


















