चेन्नई: मद्रास हाईकोर्ट ने सोमवार को भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) की समीक्षा याचिका खारिज कर दी। यह याचिका फरवरी 2026 के उस आदेश के खिलाफ दायर की गई थी, जिसमें प्लास्टिक की बोतलों और पैकेट में बेचे जाने वाले पीने के पानी, चीनी और नमक पर स्पष्ट और लाल अक्षरों में चेतावनी लिखना अनिवार्य किया गया था।चेतावनी में लिखा होना है— “इस पानी/चीनी/नमक में माइक्रो/नैनो प्लास्टिक हो सकता है।” ‘द हिंदू’ की रिपोर्ट के अनुसार, अदालत ने स्पष्ट किया कि उसके पहले के आदेश में यह निष्कर्ष नहीं निकाला गया था कि प्लास्टिक पैकेजिंग के कारण ये उत्पाद असुरक्षित हैं। अदालत का उद्देश्य केवल उपभोक्ताओं को पर्याप्त जानकारी उपलब्ध कराना और उन्हें सूचित विकल्प चुनने में सक्षम बनाना था।
FSSAI ने जताई वैज्ञानिक प्रमाणों को लेकर आपत्ति
FSSAI ने अदालत में कहा कि जिन शोधों का हवाला दिया गया है, वे अभी तक यह निर्णायक रूप से साबित नहीं करते कि भोजन के माध्यम से माइक्रोप्लास्टिक और नैनोप्लास्टिक के संपर्क में आने से स्वास्थ्य संबंधी जोखिम पैदा होता है।प्राधिकरण ने यह भी बताया कि, राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) ने भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR) को इस विषय पर आगे अध्ययन करने का निर्देश दिया है। FSSAI के अनुसार, उसने ICMR से दो बार संपर्क किया है और प्रस्तावित अध्ययन के लिए वित्तीय सहायता देने को भी तैयार है। इसके अलावा, तमिलनाडु सरकार के अनुरोध पर IIT-मद्रास द्वारा किए जाने वाले शोध का भी उल्लेख किया गया।
FSSAI ने लेबलिंग से अतिरिक्त बोझ पड़ने की बात कही
FSSAI ने यह तर्क भी दिया कि, अभी तक किसी अन्य देश ने इस तरह की लेबलिंग व्यवस्था लागू नहीं की है। प्राधिकरण के अनुसार, ऐसी चेतावनी को अनिवार्य करने से खाद्य कारोबारियों पर अतिरिक्त अनुपालन और आर्थिक बोझ पड़ सकता है। इससे पहले केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय और FSSAI ने मद्रास हाईकोर्ट के आदेश के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट का रुख किया था। हालांकि, मई 2026 में यह याचिका वापस ले ली गई थी। इसके अलावा, स्वच्छ पर्यावरण के लिए पीईटी पैकेजिंग एसोसिएशन (PACE) और अखिल भारतीय पैकेज्ड पेयजल निर्माता संघ ने भी फरवरी के हाईकोर्ट आदेश को चुनौती दी है। इन संगठनों ने भी इसी तरह की चिंताओं का हवाला दिया है। पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर निर्माताओं के संगठन ने इसके साथ यह भी कहा है कि उसे अपना पक्ष रखने का पर्याप्त अवसर नहीं दिया गया था।


















