नई दिल्ली: विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने आने वाले महीनों में संभावित “बड़े खाद्य संकट” को लेकर चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि, रूस-यूक्रेन संघर्ष और ईरान-खाड़ी क्षेत्र में जारी संघर्षों के कारण उर्वरक आपूर्ति और अनाज की शिपमेंट प्रभावित हो रही है, जिससे वैश्विक खाद्य आपूर्ति पर दबाव बढ़ सकता है। न्यूयॉर्क में सोमवार को एशिया सोसाइटी द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में बोलते हुए जयशंकर ने कहा कि ऊर्जा, खाद्य, उर्वरक और वित्तीय दबावों का संयुक्त प्रभाव ग्लोबल साउथ की अर्थव्यवस्थाओं पर गंभीर दबाव पैदा कर रहा है।
यूक्रेन और ईरान-खाड़ी संघर्ष का असर
जयशंकर ने कहा कि, रूस-यूक्रेन युद्ध और ईरान-खाड़ी संघर्षों का ग्लोबल साउथ की अर्थव्यवस्थाओं पर “गंभीर प्रभाव” पड़ा है। उन्होंने विशेष रूप से ऊर्जा क्षेत्र की स्थिति को चिंता का विषय बताया। उनके अनुसार, वैश्विक ऊर्जा बाजार इस समय काफी दबाव में है। तेल आपूर्ति को प्रभावित करने वाले राजनीतिक फैसले स्थिति को और जटिल बना सकते हैं तथा ऐसे समय में कीमतों में बढ़ोतरी का दबाव पैदा कर सकते हैं, जब देश स्थिरता बनाए रखने की कोशिश कर रहे हैं।जयशंकर ने कहा कि, तेल आपूर्ति से जुड़ी सुरक्षा और राजनीति एक-दूसरे से तेजी से जुड़ रही हैं। उनके अनुसार, इससे “दोहरा संकट या और गंभीर संकट” पैदा हो सकता है।
अनाज की आपूर्ति पर बढ़ सकता है दबाव
विदेश मंत्री ने कहा कि, कुछ प्रमुख अनाज निर्यातक देशों के लिए शिपमेंट भेजना मुश्किल हो सकता है, विशेषकर काला सागर (ब्लैक सी) के रास्ते होने वाली आपूर्ति प्रभावित हो सकती है। उन्होंने उर्वरक की कमी को लेकर भी चिंता जताई। जयशंकर के अनुसार, दुनिया के कुछ प्रमुख उर्वरक उत्पादक क्षेत्र पश्चिम एशिया और रूस में हैं और वहां उत्पादन प्रभावित होने से वैश्विक स्तर पर उर्वरक उपलब्धता पर असर पड़ सकता है। उन्होंने आशंका जताई कि यदि उर्वरक की कमी और अनाज आपूर्ति में व्यवधान के साथ प्रतिकूल जलवायु परिस्थितियां भी जुड़ती हैं, तो आने वाले महीनों में खाद्य आपूर्ति पर दबाव और बढ़ सकता है।
खाद्य, उर्वरक और ऊर्जा संकट का आपसी संबंध
जयशंकर ने कहा कि, मौजूदा स्थिति केवल खाद्य या उर्वरक तक सीमित नहीं है। ऊर्जा और वित्तीय दबाव भी इससे जुड़े हुए हैं। संघर्षों के दौरान पूंजी अक्सर सुरक्षित माने जाने वाले बाजारों की ओर चली जाती है, जिससे ग्लोबल साउथ की अर्थव्यवस्थाओं पर अतिरिक्त वित्तीय दबाव पड़ता है। इससे ईंधन, खाद्य, उर्वरक और वित्त—चारों क्षेत्रों का दबाव एक-दूसरे को प्रभावित करता है और वैश्विक आपूर्ति श्रृंखलाओं के लिए चुनौती बढ़ती है। जयशंकर ने इससे पहले भी ‘4F संकट’—फ्यूल, फूड, फर्टिलाइजर और फाइनेंस—का उल्लेख करते हुए वैश्विक आपूर्ति श्रृंखलाओं को अधिक सुरक्षित और विविध बनाने की जरूरत पर जोर दिया था।

















