लखनऊ: भारत के प्रमुख गन्ना और एथेनॉल उत्पादक राज्यों में शामिल उत्तर प्रदेश में डाउनस्ट्रीम उद्योगों में निवेश बढ़ रहा है। इनमें डिस्टिलरी और पेय पदार्थ निर्माण जैसी गतिविधियां शामिल हैं। बिजनेस स्टैंडर्ड की रिपोर्ट के अनुसार, राज्य में एथेनॉल क्षेत्र के विस्तार के साथ इससे जुड़े उद्योगों में भी निवेश को बढ़ावा मिल रहा है। एथेनॉल, जो चीनी उत्पादन का एक उप-उत्पाद है, का उपयोग ईंधन मिश्रण, अल्कोहल और फार्मास्युटिकल उत्पादों सहित कई औद्योगिक और रासायनिक क्षेत्रों में किया जाता है। डिस्टिलरियां गन्ने से प्राप्त शीरे से इथेनॉल तैयार करती हैं, जिसका इस्तेमाल दवाइयों और शराब सहित विभिन्न उत्पादों के निर्माण में किया जाता है।
उत्तर प्रदेश में फिलहाल 1,000 करोड़ रुपये से अधिक का निजी निवेश पाइपलाइन में है। इसमें यूनाइटेड ब्रुअरीज और एलाइड ब्लेंडर्स एंड डिस्टिलर्स (ABD) जैसी प्रमुख कंपनियां शामिल हैं।वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, यूनाइटेड ब्रुअरीज उन्नाव जिले में एक विनिर्माण संयंत्र स्थापित कर रही है, जबकि माउंट एवरेस्ट ब्रुअरीज हरदोई में एक इकाई विकसित कर रही है। वहीं, वुडपेकर ग्रीनएग्री न्यूट्रिएंट्स ने फर्रुखाबाद में अपनी एक इकाई शुरू कर दी है।
ABD उत्तर प्रदेश में अपनी विनिर्माण क्षमता के विस्तार पर 600 करोड़ रुपये का निवेश कर रही है। इसमें एक नई (ग्रीनफील्ड) डिस्टिलरी भी शामिल है, जिसके अगले 24 महीनों के भीतर शुरू होने की उम्मीद है। कंपनी की मुरादाबाद स्थित बॉटलिंग इकाई भी आने वाले महीनों में परिचालन शुरू कर सकती है। ABD के प्रबंध निदेशक अमर सिन्हा ने कहा कि, उत्तर प्रदेश की आबकारी नीतियां और कारोबारी माहौल दीर्घकालिक निवेश को समर्थन दे रहे हैं तथा बाजार के अवसरों के विस्तार में योगदान कर रहे हैं।
एथेनॉल उत्पादन में तेज वृद्धि
उत्तर प्रदेश में एथेनॉल उत्पादन में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। राज्य ने 2023-24 में 1.8 अरब लीटर एथेनॉल का उत्पादन किया था, जबकि 2024-25 में यह उत्पादन बढ़कर 2.23 अरब लीटर से अधिक हो गया। इस तरह साल-दर-साल करीब 23 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में उत्तर प्रदेश के आबकारी निर्यात में भी 45 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि हुई है। अप्रैल-जून 2026 के दौरान आबकारी निर्यात बढ़कर 1.278 करोड़ डॉलर हो गया, जबकि पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में यह 87.9 लाख डॉलर था।
भारत के कुल आबकारी निर्यात में उत्तर प्रदेश की हिस्सेदारी भी 10.2 प्रतिशत से बढ़कर 12.6 प्रतिशत हो गई है। इस आधार पर उत्तर प्रदेश महाराष्ट्र और पंजाब के बाद देश का तीसरा सबसे बड़ा योगदानकर्ता बन गया है। उत्तर प्रदेश के आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल ने कहा कि राज्य की तीन वर्षीय आबकारी निर्यात नीति 2026-29 गन्ने की वैल्यू चेन को चीनी और इथेनॉल से आगे बढ़ाकर प्रसंस्करण, पैकेजिंग, भंडारण और परिवहन तक विस्तारित करने में मदद कर रही है।
अन्य राज्यों को बोतलों की आपूर्ति में भी वृद्धि
अप्रैल से जुलाई 2026 के बीच उत्तर प्रदेश की डिस्टिलरियों ने दूसरे राज्यों को 1.64 करोड़ अतिरिक्त बोतलों की आपूर्ति की। यह पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में 45.7 प्रतिशत अधिक है। आबकारी क्षेत्र का यह विस्तार उत्तर प्रदेश की कृषि आधारित अर्थव्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण है। राज्य में गन्ने की खेती करीब 50 लाख किसान परिवारों की आजीविका से जुड़ी है। एथेनॉल और आबकारी क्षेत्र के विस्तार से खाद्य प्रसंस्करण सहित इससे जुड़ी डाउनस्ट्रीम सप्लाई चेन में भी वृद्धि को बढ़ावा मिल रहा है।


















