साओ पाउलो: ब्राजील के इथेनॉल उत्पादकों के लिए वर्ष 2027 एक बार फिर चुनौतीपूर्ण साबित हो सकता है। बाजार विश्लेषण फर्म ‘वीरीज’ के अनुमान के अनुसार, गन्ने के रिकॉर्ड उत्पादन और मक्का आधारित एथेनॉल उत्पादन क्षमता में विस्तार के चलते देश में एथेनॉल की आपूर्ति घरेलू मांग से अधिक हो सकती है। ‘द एग्रीबिज’ की रिपोर्ट के मुताबिक, इससे उत्पादकों के मुनाफे पर दबाव पड़ने की आशंका है। अनुमान है कि, 2027-28 सीजन में ब्राजील का कुल एथेनॉल उत्पादन 10 प्रतिशत बढ़कर 46.3 अरब लीटर हो जाएगा। वहीं, घरेलू खपत में 6 प्रतिशत की वृद्धि के साथ यह 41.2 अरब लीटर तक पहुंचने की संभावना है। मांग की तुलना में अधिक आपूर्ति के कारण एथेनॉल की कीमतें कई महीनों तक उत्पादन लागत से नीचे रह सकती हैं, जिससे चीनी मिलों के मुनाफे पर असर पड़ेगा।
गन्ने की पेराई 670 मिलियन टन के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने का अनुमान
ब्राजील के सेंटर-साउथ क्षेत्र में गन्ने की पेराई 9 प्रतिशत बढ़कर रिकॉर्ड 670 मिलियन टन तक पहुंचने का अनुमान है। इस अनुमान में पिछले सीजन से बचा हुआ 25 मिलियन टन गन्ना और उत्पादकता में सुधार के कारण मिलने वाला अतिरिक्त 30 मिलियन टन गन्ना शामिल है।मिलों द्वारा कुल गन्ने का 49 प्रतिशत हिस्सा चीनी उत्पादन के लिए इस्तेमाल किए जाने की संभावना है। इससे चीनी उत्पादन बढ़कर रिकॉर्ड 43.1 मिलियन टन तक पहुंच सकता है। वहीं, चीनी का निर्यात 34.5 मिलियन टन रहने का अनुमान है।
मक्का आधारित एथेनॉल उत्पादन क्षमता में भी होगा विस्तार
वर्ष 2027 में सात नए मक्का आधारित एथेनॉल प्लांट्स के संचालन शुरू करने की योजना है। इन प्लांट्स से कम से कम 2.5 अरब लीटर अतिरिक्त उत्पादन क्षमता जुड़ने की उम्मीद है। इससे बाजार में एथेनॉल की उपलब्धता और बढ़ सकती है।वीरीज के पार्टनर फैबियो मेनेघिन का मानना है कि, अप्रैल 2027 में अगला पेराई सीजन शुरू होने पर एथेनॉल की बढ़ती उपलब्धता कीमतों पर फिर से गिरावट का दबाव बना सकती है। हाइड्रस एथेनॉल की कीमतें कई महीनों तक उत्पादन लागत से नीचे रह सकती हैं, जो गन्ने से एथेनॉल बनाने वाले उत्पादकों के लिए बड़ी चुनौती होगी।
मक्का आधारित उत्पादकों को भी कीमतों में गिरावट का खतरा
मक्का आधारित एथेनॉल उत्पादकों को भी कमजोर कीमतों का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि, उनकी उत्पादन लागत अपेक्षाकृत कम होने के कारण लंबे समय तक घाटे की स्थिति से कुछ राहत मिल सकती है। लेकिन मक्का की दूसरी फसल, जिसे ‘सफ्रिन्हा’ कहा जाता है, का उत्पादन कमजोर रहने पर कच्चे माल की लागत बढ़ सकती है। इससे मक्का आधारित एथेनॉल उत्पादकों को मिलने वाला लागत का लाभ भी कम हो सकता है।
चीनी की कीमतों में सुधार से मिलों को कुछ राहत
यह अनुमान ऐसे समय में आया है, जब ब्राजील की चीनी मिलों को चीनी की कीमतों में सुधार के कारण मुनाफे में कुछ राहत मिली है। गन्ना मिलों का मार्जिन जुलाई में लगभग शून्य के करीब था, जो अक्टूबर में बढ़कर करीब 4.86 डॉलर प्रति टन हो गया।हालांकि, मार्जिन में सुधार के बावजूद यह पिछले सीजन में दर्ज स्तर से अभी भी नीचे है। ऐसे में 2027 में इथेनॉल की संभावित अधिक आपूर्ति और कीमतों में गिरावट चीनी मिलों तथा एथेनॉल उत्पादकों के लिए नई चुनौती बन सकती है।

















