जिम्बाब्वे : चीनी उद्योग को निर्बाध पानी और बिजली की आपूर्ति सुनिश्चित करें; संसद का निर्देश

हरारे: जिम्बाब्वे की संसद ने देश की जल आपूर्ति संस्था जिम्बाब्वे नेशनल वाटर अथॉरिटी (ZINWA) और बिजली आपूर्तिकर्ता ज़ेसा होल्डिंग्स (Zesa Holdings) को चीनी उद्योग के लिए विश्वसनीय और निर्बाध पानी तथा बिजली की आपूर्ति को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया है। एक संसदीय जांच में सामने आया कि, किसानों से ऐसे पानी का भी शुल्क लिया जा रहा था, जिसकी उन्हें आपूर्ति नहीं हुई, जबकि बिजली कटौती के कारण फसल उत्पादन में नुकसान हो रहा था।उद्योग एवं वाणिज्य पर संसदीय पोर्टफोलियो समिति ने चेयरमैन क्लेमेंस चिदुवा के नेतृत्व में चीनी मूल्य श्रृंखला की समीक्षा की। समिति ने ट्रायंगल और हिप्पो वैली एस्टेट्स का दौरा करने के साथ ही उद्योग से जुड़े लोगों और सरकारी एजेंसियों के साथ सुनवाई की।

6.82 अमेरिकी डॉलर प्रति मेगालीटर शुल्क

ChiniMandi WhatsApp Channel

समिति के अनुसार, नेशनल वाटर अथॉरिटी गन्ना किसानों से वास्तविक पानी की खपत के बजाय आवंटित मात्रा के आधार पर 6.82 अमेरिकी डॉलर प्रति मेगालीटर शुल्क ले रही है। लोवेल्ड क्षेत्र के किसानों को प्रति हेक्टेयर सालाना लगभग 15 मेगालीटर पानी की आवश्यकता होती है, लेकिन अपर्याप्त जल परिवहन ढांचे और ऊपरी क्षेत्रों में अवैध रूप से पानी निकाले जाने के कारण आपूर्ति प्रभावित हो रही है। इसके चलते किसानों को अपने खर्च पर बोरवेल खोदने या थोक आपूर्तिकर्ताओं से पानी खरीदने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। इसके बावजूद उन्हें नेशनल वाटर अथॉरिटी को आवंटित पानी का शुल्क देना पड़ रहा है।

बिजली कटौती से उत्पादन प्रभावित

बिजली की कमी भी चीनी उत्पादन को प्रभावित कर रही है। बिजली आधारित ओवरहेड सिंचाई व्यवस्था का उपयोग करने वाले किसानों का औसत मासिक बिजली बिल करीब ZW1,799.73 प्रति हेक्टेयर है। वहीं, ZETDC औसतन 4.75 अमेरिकी डॉलर प्रति किलोवाट-घंटा शुल्क ले रहा है। समिति ने पाया कि सिंचाई के महत्वपूर्ण समय में बिजली कटौती के कारण किसानों को उपज में नुकसान उठाना पड़ रहा है।

समिति ने हिप्पो वैली और ट्रायंगल चीनी मिलों के लिए अलग या रियायती बिजली दरें नहीं होने का मुद्दा भी उठाया। ये मिलें खोई (बगास) से बिजली का उत्पादन करती हैं और ऑफ-सीजन के दौरान राष्ट्रीय ग्रिड को बिजली की आपूर्ति भी करती हैं। ZETDC ने बताया कि, बिजली कटौती के दौरान चीनी मिलों और सिंचाई प्रणालियों को प्राथमिकता देने के लिए स्मार्ट-ग्रिड तकनीक लागू की जा रही है। इसके तहत गैर-जरूरी उपभोक्ताओं की बिजली आपूर्ति कम करके मिलों और सिंचाई प्रणालियों को बिजली उपलब्ध कराने की योजना है। लोवेल्ड क्षेत्र में एडवांस्ड नेट मीटरिंग पहल के तहत सौर ऊर्जा आधारित सिंचाई परियोजनाएं भी प्रस्तावित हैं।

पानी की खपत के आधार पर बिलिंग की सिफारिश

संसदीय समिति ने पानी की वास्तविक खपत के आधार पर बिलिंग लागू करने और जल परिवहन ढांचे के पुनर्वास की सिफारिश की है। इसका लक्ष्य 31 दिसंबर 2026 तक पानी के नुकसान में 30% की कमी लाना है। समिति ने इसी समयसीमा तक चीनी उद्योग को सेवा देने वाले कम से कम 50% रेल बुनियादी ढांचे का पुनर्वास करने की भी सिफारिश की है, ताकि परिवहन लागत में 20% की कमी लाई जा सके। रेल सेवाओं के कमजोर होने के कारण गन्ने और कोयले की ढुलाई सड़क मार्ग से करनी पड़ रही है।

कोयले की ढुलाई पर भारी खर्च

समिति के अनुसार, उद्योग अब ह्वांगे से कोयला लाने के लिए हर महीने करीब 13 लाख लीटर डीजल खर्च करता है, जिस पर लगभग 2.457 मिलियन अमेरिकी डॉलर की लागत आती है। रिफाइंड चीनी की कुल लागत में कोयले की हिस्सेदारी 5% से अधिक है। वहीं, सड़क मार्ग से परिवहन रेल की तुलना में काफी महंगा है। जिम्बाब्वे में स्थानीय चीनी की लागत करीब 890-900 अमेरिकी डॉलर प्रति टन है, जबकि आयात समता कीमत (Import Parity Price) करीब 600 अमेरिकी डॉलर प्रति टन है।

अन्य सुधारों की सिफारिश

संसदीय समिति ने नेशनल रेलवे ऑफ जिम्बाब्वे में पुनर्पूंजीकरण करने, दो वर्षों के भीतर 70% आउट-ग्रोवर किसानों को बैंक योग्य भूमि अधिकार उपलब्ध कराने, 15% से कम ब्याज दर पर रियायती वित्तपोषण की व्यवस्था करने और 1964 के शुगर प्रोडक्शन कंट्रोल एक्ट में संशोधन करने की भी सिफारिश की है। समिति ने डिवीजन ऑफ प्रोसीड्स की स्वतंत्र समीक्षा की मांग भी की है। फिलहाल इसके तहत किसानों को 80.5% और मिलर्स को 19.5% हिस्सा मिलता है। आउट-ग्रोवर किसानों ने गन्ने की तौल प्रक्रिया में पारदर्शिता को लेकर चिंता जताई है। समिति के अनुसार, आवश्यक सुधार और निवेश किए जाने पर जिम्बाब्वे के चीनी उद्योग की अर्थव्यवस्था में योगदान को और मजबूत किया जा सकता है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here