बायोगैस उत्पादन के लिए आधुनिक तकनीक का उपयोग जरूरी : प्राज इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष अतुल मुळे

कोल्हापुर : देश में केंद्र सरकार की ओर से गोबर्धन (GOBARdhan) पहल के माध्यम से बायोगैस उत्पादन को बढ़ावा दिया जा रहा है। ऐसे में टिकाऊ और शाश्वत बायोगैस उत्पादन समय की आवश्यकता है, यह बात प्राज इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष अतुल मुळे ने कही। वे कोल्हापुर में प्राज इंडस्ट्रीज की ओर से आयोजित CBG (कंप्रेस्ड बायोगैस) वर्कशॉप में बोल रहे थे।मुळे ने स्पष्ट किया कि, इस वर्कशॉप का उद्देश्य केवल नई तकनीक की जानकारी देना नहीं है, बल्कि उद्योग और समाज के सामने मौजूद वास्तविक समस्याओं को समझकर उनके व्यावहारिक समाधान तलाशना भी है।

2036 तक GOBARdhan के तहत 5 मिलियन मीट्रिक टन उत्पादन का लक्ष्य

ChiniMandi WhatsApp Channel

भारत के जैव ऊर्जा क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए GOBARdhan पहल के तहत वर्ष 2036 तक 5 मिलियन मीट्रिक टन (MMT) उत्पादन का लक्ष्य रखा गया है। इसी पृष्ठभूमि में आयोजित सम्मेलन में चीनी मिलों के संचालकों से कंप्रेस्ड बायोगैस (CBG) क्षेत्र में निवेश करने का आह्वान किया गया।सम्मेलन का प्रमुख उद्देश्य चीनी मिलों को CBG क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों, निवेश की संभावनाओं तथा जैविक कच्चे माल से ऊर्जा उत्पादन के लाभों की जानकारी देना था।

कोल्हापुर से CBG बाजार विकास की शुरुआत

कंप्रेस्ड बायोगैस क्षेत्र में बाजार विकास की दिशा में प्राज इंडस्ट्रीज ने पहला चरण कोल्हापुर से शुरू किया है। कोल्हापुर चीनी उद्योग और प्रेसमड की प्रचुर उपलब्धता के लिए जाना जाता है।चीनी मिलों से निकलने वाले प्रेसमड और अन्य जैविक अवशेषों को पहले अक्सर कचरा या अनुपयोगी पदार्थ माना जाता था। हालांकि, आधुनिक तकनीक की मदद से इसी कच्चे माल को मूल्यवर्धित उत्पादों और हरित ऊर्जा में परिवर्तित किया जा सकता है।

बायोगैस उत्पादन के लिए कच्चे माल का संकलन बड़ी चुनौती

मुळे ने बताया कि, केंद्र सरकार ने 5,000 बायोगैस संयंत्र स्थापित करने का लक्ष्य निर्धारित किया है, लेकिन अभी तक देशभर में 200 संयंत्रों का लक्ष्य भी हासिल नहीं हो सका है।उन्होंने कहा कि, बायोगैस परियोजनाओं के सामने सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक है बायोगैस उत्पादन के लिए आवश्यक कच्चे माल का संकलन। उन्होंने कहा कि, विदेशों में फीडस्टॉक (कच्चा जैविक माल) उपलब्ध कराने को लेकर कई चुनौतियां हैं, जबकि भारत में सौभाग्य से कच्चे माल की उपलब्धता की ऐसी समस्या नहीं है।उन्होंने कहा कि, अब ध्यान इस बात पर होना चाहिए कि उपलब्ध कच्चे माल से अधिकतम मात्रा में बायोगैस का उत्पादन कैसे किया जाए।

अधिक उत्पादन के लिए आधुनिक तकनीक जरूरी

मुळे ने कहा कि, कम से कम कच्चे माल का उपयोग करके अधिकतम बायोगैस उत्पादन के लिए आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल आवश्यक है। बायोगैस उत्पादन प्रक्रिया में मुख्य रूप से तीन चरण महत्वपूर्ण हैं।पहला चरण कच्चे माल की उचित प्रक्रिया और तैयारी का है। यदि कच्चे माल की सही तरीके से प्रक्रिया नहीं की गई, तो रिएक्टर में बायोगैस उत्पादन के लिए उपयुक्त फीडस्टॉक नहीं पहुंचेगा। इसके परिणामस्वरूप रिएक्शन प्रभावी नहीं होगा और बायोगैस की गुणवत्ता भी प्रभावित हो सकती है।इसलिए बायोगैस उत्पादन के सभी तीनों चरणों का प्रभावी ढंग से प्रबंधन करना आवश्यक है, उन्होंने कहा।

उद्योगों के लिए तकनीक महत्वपूर्ण घटक

आज के दौर में उद्योगों के लिए तकनीक अत्यंत महत्वपूर्ण घटक बन गई है। प्राज इंडस्ट्रीज बायोगैस उत्पादन के लिए आवश्यक आधुनिक तकनीक उपलब्ध करा रही है।मुळे ने बताया की, इस तकनीक के उपयोग से उत्पादन प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाना, उत्पाद की गुणवत्ता में सुधार करना, लागत कम करना और उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करना संभव है।उन्होंने कहा कि, किसी भी तकनीक को अपनाते समय उसकी उपयोगिता, लागत, उपलब्ध बुनियादी ढांचे और दीर्घकालीन प्रभावों को ध्यान में रखना जरूरी है। प्रत्येक उद्योग के लिए एक ही तकनीक उपयुक्त हो, यह जरूरी नहीं है। इसलिए प्राज इंडस्ट्रीज स्थानीय जरूरतों के अनुरूप तकनीक विकसित करने पर जोर दे रही है।

सतत विकास को प्राथमिकता

उद्योगों के विकास के साथ पर्यावरण का संतुलन बनाए रखना समय की आवश्यकता है। उत्पादन बढ़ाने के साथ ऊर्जा की बचत, पानी का कुशल उपयोग, कचरा प्रबंधन और प्रदूषण नियंत्रण पर भी ध्यान देना आवश्यक है।तकनीक के माध्यम से उत्पादन प्रक्रियाओं को अधिक पर्यावरण-अनुकूल और टिकाऊ बनाया जा सकता है। इसलिए भविष्य में उद्योग क्षेत्र में तकनीक और सतत विकास के बीच समन्वय और अधिक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here