नई दिल्ली: भारत मौजूदा रिफाइनरी बुनियादी ढांचे में नई तकनीकों को एकीकृत कर सस्टेनेबल एविएशन फ्यूल (SAF) के उत्पादन में तेजी ला सकता है। अमेरिकी बहुराष्ट्रीय कंपनी हनीवेल के अनुसार, इससे बड़े स्वतंत्र प्लांट्स के पूरी तरह तैयार होने का इंतजार किए बिना SAF की शुरुआती मात्रा का उत्पादन शुरू किया जा सकता है। यह जानकारी यूक्रएग्रोकंसल्ट (UkrAgroConsult) की रिपोर्ट में सामने आई है।
शुरुआती चरण में हाइड्रोप्रोसेस्ड एस्टर्स एंड फैटी एसिड्स (HEFA) तकनीक के प्रमुख बने रहने की उम्मीद है। इसमें वनस्पति तेलों और वसा को कच्चे माल के रूप में इस्तेमाल किया जाता है। इन सामग्रियों के भौतिक और प्रसंस्करण संबंधी गुण जेट ईंधन से काफी हद तक मिलते-जुलते हैं, इसलिए इन्हें मौजूदा रिफाइनरी और लॉजिस्टिक्स बुनियादी ढांचे के साथ जोड़ा जा सकता है।
हनीवेल के अनुसार, भारत के पास कृषि आधारित कच्चे माल के व्यापक इस्तेमाल की भी संभावनाएं हैं। देश में उपलब्ध इथेनॉल और बायोमास संसाधन अल्कोहल-टू-जेट (ATJ) और बायोक्रूड आधारित तकनीकों को समर्थन दे सकते हैं। वहीं, कृषि अवशेष SAF उत्पादन के लिए कच्चे माल का एक अन्य महत्वपूर्ण स्रोत बन सकते हैं। कंपनी ने कहा कि, प्लांट्स के आकार और डिजाइन को मानकीकृत करने तथा पहले से सफल साबित डिजाइनों को दोहराने से परियोजनाओं की समयसीमा कम की जा सकती है। इससे प्रत्येक संयंत्र को शून्य से विकसित करने की जरूरत नहीं होगी।
हनीवेल के मुताबिक, चीन में SAF परियोजनाएं करीब 20 महीने में पूरी की जा सकती हैं, जबकि कुछ अन्य देशों में ऐसी परियोजनाओं को पूरा होने में पांच साल तक का समय लग सकता है। हालांकि, SAF का उत्पादन अभी भी महंगा बना हुआ है। प्लैट्स (Platts) ने 1 अक्टूबर को हाइड्रोप्रोसेस्ड एस्टर्स एंड फैटी एसिड्स सिंथेटिक पैराफिनिक केरोसिन (HEFA-SPK) की FOB स्ट्रेट्स कीमत 2,445 डॉलर प्रति टन आंकी। यह पिछले सप्ताह की तुलना में 15 डॉलर प्रति टन अधिक है। SAF को विमानन क्षेत्र के कार्बन उत्सर्जन को कम करने के लिए एक महत्वपूर्ण विकल्प माना जा रहा है। भारत में मौजूदा रिफाइनरी ढांचे, एथेनॉल, बायोमास और कृषि अवशेषों का इस्तेमाल बढ़ाकर इसके उत्पादन का विस्तार किया जा सकता है।


















