कोल्हापुर : महाराष्ट्र के चीनी मिल कर्मचारियों का प्रदर्शन, 22 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी

कोल्हापुर: महाराष्ट्र के विभिन्न चीनी मिलों के कर्मचारियों ने सोमवार को कोल्हापुर जिला कलेक्ट्रेट के सामने प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने श्रम कानूनों में किए गए बदलावों पर चिंता जताते हुए वेतन, रोजगार की शर्तों और चीनी उद्योग से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर अपनी मांगें रखीं। यह प्रदर्शन शुगर वर्कर्स रिप्रेजेंटेटिव काउंसिल और महाराष्ट्र स्टेट वर्कर्स फेडरेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया।

महाराष्ट्र के विभिन्न चीनी मिलों के कर्मचारी इस आंदोलन में शामिल हुए। संगठनों ने चेतावनी दी कि, यदि उनकी मांगों का समाधान नहीं किया गया, तो 22 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की जाएगी। कर्मचारियों ने कहा कि, हड़ताल के कारण राज्य की चीनी मिलों का संचालन शुरू करना मुश्किल हो सकता है। कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में BIR Act और Labour Act में किए गए बदलावों को रद्द कर पुराने प्रावधानों को बहाल करना शामिल है। इसके अलावा लंबित एवं बकाया वेतन का तत्काल भुगतान, ठेका कर्मचारियों को सेवा संरचना में शामिल करना और उचित वेतनमान लागू करने की मांग की गई है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

संगठनों ने आर्थिक कठिनाइयों और अन्य कारणों से बंद पड़ी चीनी मिलों को दोबारा शुरू करने की भी मांग की। कर्मचारियों का कहना है कि, बंद मिलों के कारण बड़ी संख्या में श्रमिकों के रोजगार और आय पर असर पड़ रहा है।कर्मचारियों का मार्च ऐतिहासिक बिंदू चौक से शुरू हुआ और जिला कलेक्टर कार्यालय तक पहुंचा। इस दौरान प्रमुख मांगों में 1997 के BIR Act को रद्द करना और ठेका एवं दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को नियमित कर्मचारियों के समान वेतन देने की मांग शामिल रही।

मार्च के बाद कर्मचारियों ने जिला कलेक्टर डॉ. विजय राठोड को अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपा। कर्मचारियों ने चीनी का न्यूनतम बिक्री मूल्य 50 रुपये प्रति किलोग्राम बढ़ाने की मांग भी की। महाराष्ट्र स्टेट शुगर वर्कर्स रिप्रेजेंटेटिव बोर्ड के महासचिव राऊसो पाटील ने कहा कि यदि मांगें स्वीकार नहीं की गईं, तो राज्य के सभी चीनी कर्मचारी 22 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करेंगे और राज्य में किसी भी चीनी मिलों को संचालन शुरू नहीं करने दिया जाएगा।

प्रदर्शन में संगठन के राज्य अध्यक्ष तात्यासाहेब काले, कार्यकारी अध्यक्ष अविनाश आपटे, रविंद्र चव्हाण, कोषाध्यक्ष प्रदीप बनगे, सचिव संतोष मोरबले, कोल्हापुर जिला अध्यक्ष अविनाश पाटील तथा शुगर फैक्टरी फेडरेशन के प्रतिनिधि मंडल के उपाध्यक्ष डी.एम. निमसे सहित बड़ी संख्या में चीनी मिल कर्मचारी मौजूद रहे। गन्ना पेराई सीजन नजदीक आने के बीच प्रस्तावित हड़ताल से महाराष्ट्र की चीनी मिलों का संचालन शुरू होने पर असर पड़ सकता है। यदि यूनियनों की मांगों का समय रहते समाधान नहीं हुआ, तो राज्य के चीनी उद्योग के सामने पेराई सीजन शुरू करने को लेकर गंभीर चुनौती खड़ी हो सकती है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here