नई दिल्ली: वैश्विक बाजार में चीनी की कीमतों में तेजी और निकट अवधि में आपूर्ति कम रहने की आशंका के चलते मंगलवार को भारतीय चीनी कंपनियों के शेयरों में जोरदार तेजी देखने को मिली। कई शुगर शेयरों में 4 से 9 प्रतिशत तक की बढ़त दर्ज की गई। मजबूत मांग और सीमित आपूर्ति की उम्मीद ने निवेशकों की दिलचस्पी चीनी कंपनियों की ओर बढ़ा दी है। बिजनेस स्टैंडर्ड की रिपोर्ट के अनुसार, शुगर सेक्टर के कई शेयरों में खरीदारी देखने को मिली।
धामपुर शुगर और शक्ति शुगर्स में करीब 9% की तेजी
धामपुर शुगर मिल्स और शक्ति शुगर्स सबसे अधिक बढ़त दर्ज करने वाले शेयरों में शामिल रहे। NSE पर धामपुर शुगर मिल्स का शेयर 8.56 प्रतिशत बढ़कर 192 रुपये पर पहुंच गया, जबकि शक्ति शुगर्स में 8.7 प्रतिशत की तेजी आई और यह 19.35 रुपये पर कारोबार करता रहा। इसी तरह दलमिया भारत शुगर का शेयर 8.5 प्रतिशत बढ़कर 466.95 रुपये और द्वारिकेश शुगर इंडस्ट्रीज 7.8 प्रतिशत की बढ़त के साथ 47.59 रुपये पर पहुंच गया। श्री रेणुका शुगर में भी 4.5 प्रतिशत की तेजी रही और शेयर 22.84 रुपये पर पहुंच गया।
अन्य शुगर शेयरों में भी तेजी
BSE पर बलरामपुर चीनी मिल्स, अवध शुगर एंड एनर्जी, बजाज हिंदुस्तान शुगर और उत्तम शुगर मिल्स के शेयरों में भी करीब 2 से 3 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई। शुगर शेयरों में यह तेजी ऐसे समय आई है जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में चीनी की कीमतें लगातार मजबूत हो रही हैं। अमेरिकी चीनी वायदा कीमतों में एक दिन में करीब 4 प्रतिशत, पिछले एक महीने में 14 प्रतिशत और पिछले एक साल में 23 प्रतिशत से अधिक की तेजी आई है।
मजबूत मांग से निवेशकों की दिलचस्पी बढ़ी
इक्विनॉमिक्स रिसर्च के संस्थापक जी. चोक्कालिंगम के अनुसार, चीनी कीमतों में मजबूती और मजबूत मांग ने चीनी कंपनियों में निवेशकों की दिलचस्पी बढ़ाई है। हालांकि, उन्होंने आगाह किया कि घरेलू चीनी कीमतों को नियंत्रित करने के लिए सरकार की ओर से उठाए जाने वाले कदम और तेज हो सकते हैं। इससे चीनी कीमतों में आगे की तेजी सीमित हो सकती है।
100 डॉलर के करीब कच्चे तेल से एथेनॉल कारोबार को फायदा
चोक्कालिंगम ने यह भी कहा कि, कच्चे तेल की कीमतों का 100 डॉलर प्रति बैरल के आसपास बने रहना डिस्टिलरी कारोबार वाली चीनी कंपनियों के लिए सकारात्मक हो सकता है। इसका कारण इन कंपनियों का एथेनॉल कारोबार से जुड़ा होना है। कच्चे तेल की ऊंची कीमतों के बीच एथेनॉल कारोबार चीनी कंपनियों के लिए आय का एक महत्वपूर्ण सहारा बन सकता है।
ब्राजील में बारिश से गन्ने की कटाई प्रभावित
वैश्विक आपूर्ति को लेकर चिंताएं भी चीनी कीमतों को समर्थन दे रही हैं। दुनिया के प्रमुख चीनी उत्पादक देशों में शामिल ब्राजील में अत्यधिक बारिश के कारण गन्ने की कटाई की गति धीमी हुई है। इसके अलावा, अल नीनो के मजबूत होने से दुनिया के प्रमुख चीनी उत्पादक क्षेत्रों में उत्पादन को लेकर चिंता बढ़ रही है। इससे निकट अवधि में वैश्विक चीनी आपूर्ति पर दबाव बढ़ने की आशंका है।
भारत में चीनी बाजार की स्थिति जटिल
रिपोर्ट में मोनार्क PMS के हवाले से कहा गया है कि, भारत का चीनी बाजार भी अब एक जटिल दौर में प्रवेश कर रहा है। उत्पादन के कम अनुमान से निकट अवधि में उपलब्धता सीमित हो रही है, जबकि सरकार के विभिन्न कदमों के कारण घरेलू चीनी कीमतों में तेज गिरावट भी आई है। मोनार्क PMS ने 15 सितंबर को जारी एक रिपोर्ट में 2025-26 सीजन के लिए भारत का चीनी उत्पादन 3.06 करोड़ टन रहने का अनुमान लगाया था। यह उसका पहले के 3.43 करोड़ टन के अनुमान से काफी कम है। उत्पादन अनुमान में कमी का कारण कीटों से फसल को नुकसान और जलभराव बताया गया है।
अक्टूबर में मिलों के पास 30-35 लाख टन स्टॉक का अनुमान
चीनी मिलों के पास अक्टूबर की शुरुआत में करीब 30 से 35 लाख टन चीनी का स्टॉक होने का अनुमान है। वहीं, देश में मासिक खपत करीब 22 लाख टन है। मोनार्क PMS के अनुसार, स्टॉक अपेक्षाकृत कम जरूर है, लेकिन फिलहाल इसे चीनी की पूर्ण कमी की स्थिति नहीं माना जा सकता। आगामी त्योहारी सीजन से पहले चीनी की मांग बढ़ने की उम्मीद भी बाजार को समर्थन दे रही है। सरकार ने 31 अक्टूबर तक 10 लाख टन चीनी के शुल्क-मुक्त आयात की अनुमति दी है। इसके अलावा डीलरों और थोक उपभोक्ताओं के लिए स्टॉक सीमा लागू की गई है। सरकार ने पेराई सत्र की शुरुआत भी लगभग 15 अक्टूबर तक आगे कर दी है और सितंबर से पखवाड़ेवार चीनी रिलीज कोटा व्यवस्था लागू की है।
निवेशकों को केवल तेजी के पीछे भागने से बचने की सलाह
मोनार्क PMS के सहायक फंड मैनेजर ध्रुव जोगलेकर ने कहा कि, निवेशकों को केवल शुगर सेक्टर में शेयर कीमतों की तेजी के पीछे भागने के बजाय ऐसी कंपनियों पर ध्यान देना चाहिए, जिनका कर्ज अपेक्षाकृत कम हो, डिस्टिलरी कारोबार में अच्छी हिस्सेदारी हो और नकदी पैदा करने की क्षमता मजबूत हो। उन्होंने निवेशकों के लिए संभावित नीतिगत बदलाव, चीनी आयात की गति, मानसून की स्थिति, 31 रुपये प्रति किलो के अपरिवर्तित न्यूनतम बिक्री मूल्य (MSP) और वर्किंग कैपिटल से जुड़े दबाव को प्रमुख निगरानी योग्य कारक बताया। इस बीच, महाराष्ट्र सरकार ने अगस्त 2026 में चीनी के न्यूनतम बिक्री मूल्य (MSP) को 31 रुपये से बढ़ाकर 41 रुपये प्रति किलो करने की मांग की थी।इससे चीनी उद्योग के लिए एक और महत्वपूर्ण नीतिगत मुद्दा सामने आया है।


















