महाराष्ट्र : सूखे के बीच धाराशिव जिले में गन्ने के उप-उत्पादों से पशु चारा बनाने की पहल

छत्रपति संभाजीनगर : सूखे के कारण पशु चारे की संभावित कमी को देखते हुए धाराशिव जिला प्रशासन इस बात की जांच कर रहा है कि चीनी मिलों से निकलने वाले बगास और शीरे (मोलासिस) का उपयोग पूरक पशु आहार के रूप में किया जा सकता है या नहीं। इसका उद्देश्य पशुपालकों को कम कीमत पर पौष्टिक चारा उपलब्ध कराना है। हाल ही में जिला प्रशासन के अधिकारियों और पशुपालन विभाग के वरिष्ठ विशेषज्ञों की एक टीम ने ढोकी चीनी मिल का दौरा किया। टीम ने बगास के भंडारण क्षेत्रों और शीरे से संबंधित सुविधाओं का निरीक्षण किया तथा इन दोनों चीनी उद्योग के उप-उत्पादों को पशु चारे में बदलने की संभावनाओं और प्रसंस्करण की तकनीकों पर मिल अधिकारियों के साथ चर्चा की।

जिला कलेक्टर कीर्ति किरण पुजार ने बताया कि, बिना उपचार किया गया बगास पोषण की दृष्टि से सीमित होता है और इसे पचाना पशुओं के लिए कठिन हो सकता है। हालांकि, यूरिया, शीरा और खनिज मिश्रण की मदद से वैज्ञानिक तरीके से उपचार करने पर इसकी पोषण क्षमता बढ़ाई जा सकती है। इसके लिए यूरिया-मोलासिस एनरिच्ड स्ट्रॉ (UMES) तकनीक का इस्तेमाल किया जा सकता है।प्रशासन के अनुसार, शीरा पशुओं के लिए चारे को अधिक स्वादिष्ट और स्वीकार्य बनाता है तथा ऊर्जा प्रदान करता है, जबकि यूरिया चारे में प्रोटीन की मात्रा बढ़ाने में मदद करता है। इससे उपचारित बगास पशुओं के लिए अधिक पौष्टिक आहार बन सकता है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

जिला प्रशासन ने पशुपालन विभाग को चीनी मिल के साथ मिलकर बगास और शीरे से पशु चारा तैयार करने की पायलट परियोजना शुरू करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों ने बताया कि, इस प्रस्तावित पशु चारे को बड़े पैमाने पर इस्तेमाल करने से पहले वैज्ञानिक परीक्षण से गुजरना होगा। इसके नमूनों की जांच जिला और संभागीय पशु चिकित्सा प्रयोगशालाओं में की जाएगी। इनमें कुल पाच्य पोषक तत्व, कच्चे प्रोटीन की मात्रा और विषाक्तता का स्तर जांचा जाएगा।

जिला कलेक्टर कीर्ति किरण पुजार ने कहा कि प्रयोगशाला परीक्षण के बाद ही इसकी सुरक्षा और पोषण संबंधी मानकों का आकलन किया जाएगा। निर्धारित सुरक्षा और पोषण मानकों पर खरा उतरने के बाद ही इसे बड़े पैमाने पर बढ़ावा देने पर विचार किया जाएगा। अधिकारियों के मुताबिक, महाराष्ट्र में 200 से अधिक चीनी मिलें हैं, जहां से सूखे के वर्षों में बगास और शीरा बड़ी मात्रा में उपलब्ध हो सकता है। इससे राज्य के विभिन्न हिस्सों में पशुपालकों के सामने हर साल पैदा होने वाली चारे की कमी को दूर करने में मदद मिल सकती है।

आठ तहसीलों में सूखे की निगरानी तेज

जिला प्रशासन ने सूखे से निपटने के लिए अपनी तैयारियां भी तेज कर दी हैं। जिले की सभी आठ तहसीलों के लिए समन्वय अधिकारियों की नियुक्ति की गई है और गांव स्तर पर सूखे की स्थिति से निपटने के लिए कार्यक्रम शुरू किया गया है। राजस्व और जिला परिषद विभाग के अधिकारियों को नियमित रूप से गांवों का दौरा करने तथा किसानों, पशुपालकों और अन्य ग्रामीणों से मुलाकात करने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों को प्रत्येक सप्ताह कम से कम एक रात सूखा प्रभावित गांव में रुकने के लिए भी कहा गया है। इसका उद्देश्य स्थानीय परिस्थितियों का आकलन करना, ग्रामीणों की जरूरतों की निगरानी करना और आवश्यक कार्रवाई समय पर सुनिश्चित करना है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here