हुब्बली: केंद्रीय खाद्य, उपभोक्ता मामले एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री प्रल्हाद जोशी ने कर्नाटक के गन्ना किसानों को आश्वासन दिया है कि, केंद्र सरकार उनकी मांगों पर सकारात्मक रूप से विचार करेगी। उन्होंने 18 अक्टूबर को हुब्बली में किसान नेताओं के साथ आधी रात के बाद हुई बैठक में यह भरोसा दिलाया। सरकारी अतिथि गृह में आयोजित यह बैठक 19 अक्टूबर की सुबह करीब 3 बजे तक चली। बैठक के दौरान गन्ना किसानों को उचित और लाभकारी मूल्य दिलाने सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। किसान नेताओं ने आगे की रणनीति की घोषणा करने से पहले व्यापक किसान समुदाय से विचार-विमर्श करने का निर्णय लिया।
गन्ने के न्यूनतम समर्थन मूल्य में बढ़ोतरी की मांग
बैठक में किसानों का प्रतिनिधित्व करने वाले चुनप्पा पुजेरी ने गन्ने के न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) में बढ़ोतरी की मांग प्रमुखता से उठाई। इसके अलावा उन्होंने कर्नाटक में उत्पादित इथेनॉल की पूरी खरीद सुनिश्चित करने तथा व्यावसायिक और घरेलू उपयोग के लिए बनाई जाने वाली चीनी की कीमतें अलग-अलग निर्धारित करने की मांग की। उन्होंने व्यावसायिक उपयोग वाली चीनी के लिए अधिक कीमत तय करने पर भी जोर दिया।
किसानों की मांगों पर समिति करेगी विचार
किसानों की मांगों पर प्रतिक्रिया देते हुए केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी ने कहा कि इन मुद्दों को एक समिति के समक्ष रखकर उनका समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने बताया कि समिति के तीन दिनों के भीतर काम शुरू करने की उम्मीद है। जोशी ने किसान नेताओं से इस प्रक्रिया में सहयोग करने और उनकी मांगों पर विचार करने के लिए सरकार को कुछ समय देने की अपील की।
आंदोलन जारी रखने पर किसानों की राय ली जाएगी
बैठक के बाद मीडिया से बात करते हुए चुनप्पा पुजेरी ने बताया कि, 19 अक्टूबर को धारवाड़ जिले के तेगुर में किसानों की बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में केंद्रीय मंत्री के साथ हुई चर्चा और सरकार की ओर से दिए गए आश्वासन की जानकारी किसानों को दी जाएगी। इसके बाद किसानों की राय ली जाएगी और विचार-विमर्श के आधार पर आंदोलन जारी रखने या आगे की रणनीति तय करने का निर्णय लिया जाएगा।
बैठक में कई वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
इस महत्वपूर्ण बैठक में किसान संगठन के मानद अध्यक्ष शशिकांत गुरुजी, सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टर, विधायक सी.सी. पाटिल, एम.आर. पाटिल और महेश तेंगिनकाई उपस्थित रहे। इसके अलावा बेलगावी के उपायुक्त मोहम्मद रोशन, धारवाड़ की उपायुक्त स्नेहल आर., सीआईडी के पुलिस उपमहानिरीक्षक भीमाशंकर गुलेद, हुब्बली-धारवाड़ के पुलिस आयुक्त भूषण बोरसे और धारवाड़ के पुलिस अधीक्षक गुंजन आर्या भी बैठक में शामिल हुए।केंद्र सरकार के आश्वासन के बाद अब किसानों की नजर समिति की कार्रवाई और उनकी मांगों पर होने वाले फैसले पर टिकी है।


















